आज एक साथ रेलवे से जुड़ी 2 हजार से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इस सरकार के तीसरे टर्म की शुरुआत जून से होने वाली है। अभी से ही जिस स्केल-स्पीड पर काम होना शुरू हो गया है, यह सभी को हैरत में डालने वाला है। आपका सपना, आपकी मेहनत और मोदी का संकल्प विकसित भारत की गारंटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बात सोमवार को देशभर के 554 रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए कही। इनमें मध्यप्रदेश के 33 रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दिल्ली से वर्चुअली जुड़े और रिमोट के जरिए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया।
इस मौके पर PM मोदी ने कहा कि आज 27 राज्यों के 300 से अधिक जिलों में 550 से ज्यादा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प का शिलान्यास हुआ है। 1500 से ज्यादा रोड, ओवरब्रिज, अंडरपास भी इसमें शामिल हैं। 40 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं एक साथ जमीन पर उतर रही हैं।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि पहले रेलवे के घाटे में रहने का रोना रोया जाता था। दशकों तक रेलवे को हमारे यहां की स्वार्थ भरी राजनीति का शिकार होना पड़ा, लेकिन अब भारतीय रेलवे देशवासियों की यात्रा में आसानी कर रही है। जिस रेलवे के हमेशा घाटे में रहने का रोना रोया जाता था, आज वह रेलवे परिवर्तन के सबसे बड़े दौर से गुजर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि अमृत भारत स्टेशन विरासत और विकास दोनों के प्रतीक होंगे। ऐसे स्टेशन शहर की विशेषता से दुनिया को परिचित कराएगा। आज भारत जो भी करता है, अभूतपूर्व स्पीड और स्केल से करता है। आज के भारत ने छोटे सपने देखना छोड़ दिया है। हम बड़े सपने देखते हैं। इन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर देते हैं।
MP के ये स्टेशन होंगे अपग्रेड
अमृत रेलवे स्टेशन योजना के तहत इंदौर, मंदसौर, सीहोर, मक्सी, नागदा जंक्शन, नीमच, खाचरोद, शुजालपुर, बालाघाट जंक्शन, छिंदवाड़ा जंक्शन, मंडला फोर्ट, नैनपुर, सिवनी, अनूपपुर, बिजूरी, शहडोल, उमरिया, भिंड, दतिया, हरपालपुर, मुरैना, अशोकनगर, खिरकिया, सांची, शाजापुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, ब्यौहारी, बरगवां, जबलपुर, उज्जैन, बीना और खंडवा रेलवे स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा।