PM Modi On Asian Games: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार यानी 10 अक्टूबर को एशियन गेम्स में शामिल हुए भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी.
पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी खिलाड़ियों ने जो पराक्रम दिखाया है, जो पुरुषार्थ किया है, जो परिणाम दिया है, उसके कारण देश के हर कोने में एक उत्सव का माहौल है. 100 मेडल पार करने के लिए आपने दिन-रात एक कर दिया. एशियन गेम्स में आप सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन से पूरा देश गौरव की अनुभूति कर रहा है.
उन्होंने आगे कहा, आप सभी ने इतिहास रचा है. पदक तालिका भारत की सफलता का प्रमाण है. एशियाई खेलों में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. व्यक्तिगत रूप से मुझे संतुष्टि है कि हम सब सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. आप सभी ने आने वाली पीढ़ियों के एथलीटों के लिए मार्ग प्रशस्त किया है. एशियाई खेलों में प्रदर्शन से ओलंपिक में हमारे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा.
पीएम मोदी बोले, भारत की 'नारी शक्ति' ने भारतीय महिलाओं की क्षमताओं को प्रदर्शित करते हुए अनुकरणीय प्रदर्शन किया है. जीते गए कुल पदकों में से आधे से अधिक पदक हमारी महिला एथलीटों के हैं. यही नये भारत की भावना है. नया भारत अंतिम परिणाम तक, अंतिम विजय की घोषणा होने तक अपना प्रयास छोड़ता नहीं है. नया भारत अपना सर्वश्रेष्ठ देने की, सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश करता है.
उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास है कि भारत के खिलाड़ियों को दुनिया की अच्छी सुविधा मिलें. हमारा प्रयास है कि भारत के खिलाड़ियों को देश-विदेश में खेलने के लिए ज्यादा से ज्यादा अवसर मिले. हमारा प्रयास है कि गांव-देहात में रहने वाले Sports Talent को भी ज्यादा से ज्यादा अवसर मिले. हमारे सभी खिलाड़ियों का मनोबल बना रहे, उन्हें किसी भी तरह की कमी न हो, इसके लिए हमने पूरी शक्ति लगाई है. 9 साल में पहले की तुलना में खेल का बजट भी तीन गुना बढ़ाया जा चुका है. 'खेलो इंडिया' गेम चेंजर साबित हुआ है.