राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आज 75वीं पुण्यतिथि है। देश की आजादी में महात्मा गांधी के योगदान को देखते हुए 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी बापू को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ट्वीट किया और लिखा कि 'मैं बापू की पुण्य तिथि पर उन्हें नमन करता हूं और उनके विचारों को याद करता हूं। मैं उन सभी लोगों को भी श्रद्धांजलि देता हूं, जो देश की सेवा में शहीद हुए। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा और हम भारत को विकसित करने के लिए हमारे संकल्प को मजबूत करते रहेंगे'।
दूसरी ओर ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़ी बातों को अक्सर साझा करने वाले ‘मोदीआर्काइव’ नामक अकाउंट पर पीएम मोदी की निजी डायरी के कुछ पन्ने गांधी के उद्धरणों के साथ साझा किए गए। ‘मोदीआर्काइव’ ने ‘एक्स’ पर लिखा कि हम नरेन्द्र मोदी की निजी डायरी के पन्ने आपके साथ साझा कर रहे हैं जो दर्शाते हैं कि उन्होंने न केवल महात्मा गांधी को काफी पढ़ा था, बल्कि अपनी निजी डायरी में गांधी के उद्धरण भी लिखे थे, जिनसे उन्हें प्रेरणा मिलती है।