प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देवभूमि उत्तराखंड के दौरे पर हैं। सुबह वे केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना की। पीएम मोदी बद्रीनाथ धाम भी जाएंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
बताया जा रहा है कि पीएम मोदी पूजा करने के बाद 9 बजे केदारनाथ रोपवे परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह रोपवे 9.7 किलोमीटर लंबा होगा, जो गौरीकुंड को केदारनाथ से जोड़ेगा। अभी गौरीकुंड को केदारनाथ में करीब छह घंटे का समय लगता है। रोपवे बनने के बाद यह यात्रा 30 मिनट में पूरी हो सकेगी।
प्रधानमंत्री जिन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर रहे हैं उनकी लागत 3400 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी बीते 8 साल में छठवीं बार केदारनाथ पहुंचे हैं।
इससे पहले पीएम मोदी आज सुबह देहरादून स्थित जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी केदारनाथ के लिए रवाना हुए। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के बाद पीएम मोदी 23 अक्टूबर को अयोध्या भी जाने वाले हैं।