प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राजस्थान के आदिवासी बाहुल बांसवाड़ा जिले के मानगढ़ धाम पहुंचे। मानगढ़ धाम में पीएम मोदी ने आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत शहीदों को श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया। उन्होंने मानगढ़ धाम में भील स्वतंत्रता सेनानी श्री गोविंद गुरु को श्रद्धांजलि दी। धाम में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल भी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान सभी को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये देश आदिवासी समाज का ऋणी है। मानगढ़ धाम वीरों की त्याग तपस्या का प्रतिविंब है। आजादी के 'अमृत महोत्सव' में हम सभी का मानगढ़ धाम आना प्रेरक और सुखद है। मानगढ़ धाम जनजातीय वीर-वीरांगनाओं के तप, त्याग, तपस्या और देशभक्ति का प्रतिबिंब है। ये राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की साझी विरासत है।
पीएम ने कहा गोविंद गुरू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी भारत की परंपराओं और आदर्शों के प्रतिनिधि थे। वह किसी रियासत के राजा नहीं थे लेकिन वह लाखों आदिवासियों के नायक थे। अपने जीवन में उन्होंने अपना परिवार खो दिया लेकिन हौसला कभी नहीं खोया। भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य आदिवासी समाज के बिना पूरा नहीं होगा। हमारी आजादी की लड़ाई का पग-पग, इतिहास का पन्ना-पन्ना आदिवासी वीरता से भरा पड़ा है।
पीएम बोले कि आज से कुछ दिन बाद ही 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देश जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा। आदिवासी समाज के अतीत और इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए, आज देशभर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित विशेष म्यूजियम बनाए जा रहे हैं। देश में आदिवासी समाज का विस्तार और भूमिका इतनी बड़ी है कि हमें उसके लिए समर्पित भाव से काम करने की जरूरत है। राजस्थान और गुजरात से लेकर पूर्वोत्तर और उड़ीसा तक विविधता से भरे आदिवासी समाज की सेवा के लिए आज देश स्पष्ट नीति के साथ काम कर रहा है।
मानगढ़ धाम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनजाति भाई-बहन स्वाभिमान के साथ देश के लिए जियें। वह सच्चे राष्ट्रभक्त हैं। उनके लिए सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं हैं। सीएम शिवराज ने अपील करते हुए कहा कि जितने भी लोग मध्यप्रदेश से आए हैं उनसे प्रार्थना है कि जब यहाँ से जाएं तो इस पवित्र मानगढ़ धाम की माटी से तिलक करें और अपने ग्रामवासियों का भी तिलक करें।
वहीं अशोक गहलोत ने भी अपने संबोधन में पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दुनिया के कई देश में जाते है तो बेहद सम्मान मिलता है। प्रधानमंत्री को यह सम्मान इसलिए मिलता है क्योंकि नरेंद्र मोदी जी गांधी के देश के पीएम हैं। उस देश की जहां पर लोकतंत्र की जड़े मजबूत हैं।