प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेवाड़ी, हरियाणा में 9750 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने वहां उपस्थित जन समूह को संबोधित भी किया।

इस मौके पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा- एक परिवार के मोह में फंसी कांग्रेस आज अपने इतिहास के सबसे दयनीय दौर से गुजर रही है। इनके नेता से अपना एक स्टार्टअप नहीं संभल रहा, ये लोग देश संभालने का सपना देख रहे हैं। कांग्रेस के नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ कर जा रहे हैं। आज स्थिति ये है कि कांग्रेस के पास अपने कार्यकर्ता तक नहीं बचे हैं। जहां सरकार में हैं, वहां इनसे सरकारें तक नहीं संभल रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा- 2013 में जब मुझे भाजपा ने पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया था, तब मेरा पहला कार्यक्रम रेवाड़ी में हुआ था और रेवाड़ी ने मुझे 272 पार का आशीर्वाद दिया था और आपका वो आशीर्वाद सिद्धि बन गया। अब लोग कह रहे हैं कि मैं फिर एक बार रेवाड़ी आया हूं, तो आपका आशीर्वाद है- अबकी बार NDA सरकार 400 पार।

पीएम ने आगे कहा कि UAE और कतर में जिस प्रकार आज भारत को सम्मान मिलता है, हर कोने से भारत को शुभकामनाएं मिलती हैं। वो सम्मान सिर्फ मोदी का नहीं है, वो सम्मान भारतीय का है, आप सबका है। पीएम ने आगे कहा, थोड़ी देर पहले ही मुझे 10 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं हरियाणा को सौंपने का अवसर मिला है। देश और दुनिया में 'मोदी की गारंटी' की बहुत चर्चा है, रेवाड़ी तो मोदी की गारंटी का सबसे पहला गवाह है। यहां पीएम पद के उम्मीदवार के रूप में मैंने देश को कुछ गारंटियां दी थीं। देश की इच्छा थी कि दुनिया में भारत की साख बढ़े, वो हमने करके दिखाया।

अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, देश की इच्छा थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, आज पूरा देश भव्य राम मंदिर में विराजे रामलला के दर्शन कर रहा है। कांग्रेस के लोग, जो भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, जो कभी नहीं चाहते थे कि राम मंदिर बने, वो भी जय सिया राम करने लगे हैं।

आज AIIMS का शिलान्यास किया है, लोकार्पण भी हम ही करेंगे। इससे आपको बेहतर इलाज भी मिलेगा और युवाओं को डॉक्टर बनने का अवसर भी मिलेगा। रोजगार और स्वरोजगार के भी अनेक अवसर बनेंगे।

उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड- देश की आधे से अधिक आबादी को दशकों तक छोटी छोटी जरूरतों से दूर रखने का है, तरसाने का है। कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड- सिर्फ एक ही परिवार के हित को देशवासियों के हित से ऊपर रखने का है। कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड- घोटालों का है। कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड- सेना और सैनिक दोनों को कमजोर करने का है। ये बात याद रखना जरूरी हैं क्योंकि आज भी कांग्रेस की टीम, नेता, नीयत वही है।