प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेलंगाना के दौरे पर हैं। पीएम मोदी के दौरे का ये दूसरा दिन है। 

पीएम मोदी ने इस दौरान: तेलंगाना और ओडिशा में 26,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। पीएम मोदी ने घटकेसर और लिंगमपल्ली के बीच एमएमटीएस सुविधा को हरी झंडी दिखाई। पीएम नरेंद्र मोदी ने संगारेड्डी में एक जनसभा को भी संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा, "आज मैं लगातार दूसरे दिन तेलंगाना में हूं जितना उत्साह मैं तेलंगाना के लोगों में बीजेपी के लिए देख रहा हूं उतना ही मेरा विश्वास और भी बढ़ता जा रहा है। आपके इस प्यार को मैं तेलंगाना के विकास के रूप में दोगुना कर के दूंगा।'

पीएम ने कहा, “मैं आज आपको एक गारंटी दे रहा हूं कि अगले कुछ वर्षों में भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे। ये वादा भी पूरा होगा क्योंकि ये मोदी की गारंटी है।”

पीएम ने कहा, “मैंने आप से कहा था कि हम सब मिलकर भारत को पूरे विश्व में एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। आज आप देख रहे हैं कि कैसे भारत पूरे विश्व में आशा की किरण बनकर नई ऊंचाई छू रहा है।”

आगे बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “हमने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने की बात कही था ये वादा बीजेपी ने पूरा करके दिखाया और ये काम इतना बड़ा हुआ है कि आर्टिकल 370 फिल्म बनी और बहुत लोकप्रिय हो रही है इस फिल्म के माध्यम से लोगों में रुचि दिखाई दे रही है।”

पीएम बोले, “आज जब मोदी आपसे और आपके परिवार को दी गई गारंटी को पूरा करने में लगा है, तो कांग्रेस और उसके साथी मोदी को और मोदी के परिवार को गाली देने पर उतर आए हैं। इसका कारण है कि मैं इनके सैंकडों हजारों रुपयों के घोटालों की पोल खोल रहा हूं। मैं इन लोगों के परिवारवाद के खिलाफ आवाज उठा रहा हूं।”

वो कहते हैं - Family First मोदी कहता है - Nation First उनके लिए उनका परिवार भी सबकुछ है। मेरे लिए देश का हर परिवार सबकुछ है। इन्होंने अपने परिवार के हितों के लिए देशहित को बलि चढ़ा दिया। मोदी ने देशहित के लिए खुद को खपा दिया है।

BRS हो या कांग्रेस दोनों एक जैसी ही पार्टियां हैं। BRS और कांग्रेस में गठबंधन है या नहीं ये तो तेलंगाना वाले बताएंगे। लेकिन दुनिया को ये पता है कि BRS और कांग्रेस के बीच घोटाला बंधन बहुत मजबूत है। घोटाला बंधन यानी तेलंगाना की लूट में दोनों एक दूसरे को कवर फायर देते हैं।

पीएम मोदी ने  तेलंगाना के संगारेड्डी में रु. 6,800 करोड़ की कई विकास योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, रेल, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस जैसे कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।

इसके बाद प्रधानमंत्री ने करीब साढ़े तीन बजे ओडिशा के जाजपुर के चंडीखोल में रु. 19,600 करोड़ से अधिक की कई विकास योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, स्थानीय सांसद और राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मण और पार्टी के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहेंगे।