MP Politics: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं. प्रदेश भर में बीते कई दिनों से पोस्टर वार जारी है. पहले कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी वाड्रा ने जबलपुर से चुनावी शंखनाद का आग़ाज किया. तो वहीं, बीजेपी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ख़ुद चुनावी हुंकार भरने राजधानी भोपाल आये थे. इस दौरान प्रधानमंत्री ने ना सिर्फ विधानसभा बल्कि लोकसभा चुनाव 2024 का भी जीत के दावे के साथ आग़ाज किया. 

दरअसल, भोपाल दौरे पर आये पीएम मोदी ने सबसे पहले रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद अगले कार्यक्रम 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' अभियान में शामिल होने के लिए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचे थे.

यहां विपक्ष को घेरते हुए पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों पर जो बयान दिया था, वो अब वायरल है. कांग्रेस ने इस बयान के ज़रिये शिवराज सरकार को आड़े हाथों ले लिया.

पेट्रोल की कीमत पर PM ने कही ये बड़ी बात-

पीएम मोदी ने भोपाल में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के ज़रिये विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा था कि मैं देश के लोगों को बताना चाहता हूँ कि ये विपक्षी लोग पेट्रोल की कीमतों पर बहुत हाईतोबा मचाते थे. देश के लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने दो साल में दो बार एक्साइज ड्यूटी कम की है. लेकिन ज्यादातर राज्यों में जहां बीजेपी सरकार नहीं हैं. वहां इन राजनीतिक दलों ने इस कटौती का लाभ जनता में ट्रान्सफर नहीं किया. इन राज्यों ने अपने स्टेट का बेट बढ़ाकर जनता से बसूली का अभियान चालू रखा हैं.

उन्होंने आगे कहा, आज यूपी, गुजरात, हरियाणा, उत्तराखंड जहां बीजेपी सरकार है वहां पेट्रोल की कीमत 100 रुपए से कम हैं. लेकिन बिहार में पेट्रोल 107, राजस्थान में 108, तेलंगाना में 109, केरल में 110. इन राज्यों में जिन दलों की सरकारें है, वो जनता के साथ गरीब और मध्यम वर्ग के साथ विश्वासघात कर रहे हैं. इन राज्यों के बूथ कार्यकर्ताओं को ये सच्चाई अपने बूथ के लोगों के सामने उजागर करनी चाहिए. यह सच्चाई सुन लोग चौंक जायेंगे की ये क्या हो रहा है.

पीएम के बयान पर कांग्रेस हमलावर-

फ़िलहाल, इस बयान के बाद से ही कांग्रेस शिवराज सरकार को घेरने में जुट गई है. कांग्रेस की तरफ से नेताओं के पलटवार भी इस बयान पर आने शुरू हो गए हैं.

कांग्रेस ने पीएम मोदी के इस वीडियो को ट्विटर पर पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, मोदी ने शिवराज के खिलाफ फूंका बिगुल, कहा जहां अच्छी सरकार वहाँ पेट्रोल के रेट 100 से कम, बूथ कार्यकर्ता जनता को गुजरात और यूपी के पेट्रोल के रेट बताएं. मोदी जी, एक नज़र इधर भी- यूपी में पेट्रोल - 96 रुपये, गुजरात में पेट्रोल - 96 रुपये, मध्यप्रदेश में पेट्रोल - 109 रुपये.

वहीं, कांग्रेस के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने भी ट्विटर पर यह वीडियो पोस्ट किया, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रीट्वीट किया. इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा हुआ है- आज तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मान लिया कि शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश में वसूली अभियान चालू किया है. यह सरकार जनता के साथ, गरीब और  मध्यमवर्ग के साथ विश्वासघात कर रही है. प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि जो सरकार 100 से ऊपर में पेट्रोल बेच रही है वह वसूली कर रही है और विश्वासघात कर रही है. मध्यप्रदेश में पेट्रोल की कीमत 108 से ज्यादा है.