Chhattisgarh Election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘विजय संकल्प रैली’ के ज़रिये आगामी विधानसभा चुनाव का आग़ाज करने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे. छत्तीसगढ़ में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में पीएम मोदी ने यहां अपने भाषण के दौरान ना सिर्फ भूपेश बघेल सरकार बल्कि कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा. जिस पर अब सियासत शुरू हो गई है.
CM बघेल बोले- आप आए तो फिर झूठ की बयार बहने लगी मोदी जी
कांग्रेस की तरफ से ख़ुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोर्चा संभालते हुए पीएम मोदी के वार पर पलटवार किया. सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट में लिखा, आप आए तो फिर झूठ की बयार बहने लगी मोदी जी. प्रदेश बीजेपी के नेता लगातार किसानों को गुमराह कर रहे थे कि धान खरीदी केंद्र के पैसों से होती है. आप प्रधानमंत्री हैं, आपको तो सच पता है लेकिन आप भी झूठ बोल गए.
उन्होंने आगे कहा, यह किसानों के नाम पर सबसे बड़ा झूठ है कि केंद्र राज्य के धान उपार्जन का 80 प्रतिशत केंद्र ले लेता है. अगर आपकी सरकार की भूमिका राज्यों के धान खरीदी में इतनी ही है तो आपके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में किसान 1,000-1,200 रुपए क्विंटल में धान क्यों बेचने पर मजबूर हैं मोदी जी?
भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा, आपको छत्तीसगढ़ के बीजेपी नेताओं ने ग़लत जानकारी दी और आप भाषण पढ़कर चले गए. छत्तीसगढ़ का बच्चा बच्चा जानता है कि हमने गंगाजल की कसम दस दिनों के भीतर किसानों की कर्जमाफी के लिए खाई थी और दो घंटों के भीतर कर्ज माफी हो गई थी. लेकिन बीजेपी की सुई अटक गई है.
उन्होंने कहा, बीजेपी का ‘2100 रूपए क्विंटल’ और ‘बोनस’ का कभी पूरा न हुआ वादा किसानों को ठीक तरह से याद है. वो ये भी जानते हैं कि कांग्रेस की सरकार उनके लिए क्या कुछ कर रही है. अब छत्तीसगढ़ के किसानों को कोई गुमराह नहीं कर सकता. आप भी नहीं.
PM मोदी ने भाषण के दौरान कहीं थी ये बात-
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने भाषण के दौरान कहा था कि पिछले 9 वर्षों में केंद्र की बीजेपी सरकार ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों को 1 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक दिए हैं. इस साल भी यहां के धान किसानों को 22 करोड़ रुपये से अधिक दिए गए हैं. ये बीजेपी ही है जो किसानों की मेहनत को समझती है और उनके लिए काम कर रही है. जबकि कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ किसानों को धोखा दे रही है और उनसे झूठ बोल रही है.
अब सीएम भूपेश बघेल ने इसी बयान के ज़रिये प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगते हुए पलटवार किया. फ़िलहाल, चुनावी समय जैसे-जैसे नजदीक आता जायेगा, वैसे-वैसे नेताओं के बीच वार-पलटवार का दौर भी काफी चरम पर पहुंचने वाला हैं.