प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के पानीपत में 900 करोड़ रुपये की लागत से बने दूसरी पीढ़ी (2G) के एथनॉल संयंत्र का उद्घाटन किया और इसे राष्ट्र को समर्पित किया. पीएम मोदी ने बताया कि आज का कार्यक्रम पानीपत, हरियाणा समेत पूरे देश के किसानों के लिए बहुत अहम है। ये जो पानीपत में आधुनिक इथेनॉल का प्लांट लगा है, जैविक ईंधन प्लांट बना है, ये एक शुरुआत मात्र है। कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के बेटे-बेटियों ने बहुत शानदार प्रदर्शन करके देश का माथा ऊंचा किया है। देश को कई मेडल दिलाए हैं। खेल के मैदान में जो ऊर्जा हरियाणा के खिलाड़ी दिखाते हैं, वैसे ही अब हरियाणा के खेत भी ऊर्जा पैदा करके दिखाएंगे।
देखिये लाइव -
उन्होंने कहा कि प्रकृति की पूजा करने वाले हमारे देश में बायोफ्यूल या जैविक ईंधन, प्रकृति की रक्षा का ही एक पर्याय है। हमारे किसान भाई-बहन तो इसे और अच्छी तरह समझते हैं। हमारे लिए जैव ईंधन यानि हरियाली लाने वाला ईंधन, पर्यावरण बचाने वाला ईंधन..! पानीपत के जैविक ईंधन प्लांट से पराली का बिना जलाए भी निपटारा हो पाएगा। पराली जलाने से धरती मां को जो पीड़ा होती थी, उस पीड़ा से धरती मां को मुक्ति मिलेगी। पराली किसानों के लिए बोझ थी, परेशानी का कारण थी, वही उनके लिए, अतिरिक्त आय का माध्यम बनेगी।
मोदी का विपक्ष पर वार-
मौजूदा राजनीति में हो रहें घटनाक्रम को देखते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों में राजनीतिक स्वार्थ के लिए शॉर्ट-कट अपनाकर, समस्याओं को टाल देने की प्रवृत्ति होती है, वो समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं कर सकते। शॉर्ट-कट अपनाने वालों को कुछ समय के लिए वाहवाही भले मिल जाए, राजनीतिक फायदा भले हो जाए, लेकिन समस्या कम नहीं होती।
उन्होंने कहा कि शॉर्ट-कट अपनाने से शॉर्ट-सर्किट अवश्य होता है। शॉर्ट-कट पर चलने के बजाय हमारी सरकार समस्याओं के स्थाई समाधान में जुटी है। पराली की दिक्कतों के बारे में भी बरसों से कितना कुछ कहा गया। लेकिन शॉर्ट-कट वाले इसका समाधान नहीं दे पाए। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से बीते 7-8 साल में देश के करीब 50 हजार करोड़ रुपये बाहर विदेश जाने से बचे हैं। और करीब-करीब इतने ही हजार करोड़ रुपये इथेनॉल ब्लेडिंग की वजह से हमारे देश के किसानों के पास गए हैं। आज देश बड़े संकल्प ले रहा है और उन्हें सिद्ध भी करके दिखा रहा है। कुछ वर्ष पहले देश ने तक किया था कि पेट्रोल में 10% तक इथेनॉल मिलाने का लक्ष्य पूरा करेंगे। हमारे किसान भाई-बहनों की मदद से ये लक्ष्य समय से पहले ही हासिल कर लिया है।
स्वार्थ भरी नीतियों से टैक्स पेयर का बोझ भी बढ़ता ही जाएगा-
पीएम मोदी ने आगे कहा कि 2014 तक देश में सिर्फ 14 करोड़ के आसपास एलपीजी कनेक्शन थे। आज उज्ज्वला योजना से ही 9 करोड़ से ज्यादा एलपीजी कनेक्शन गरीब बहनों को दिए जा चुके हैं। हम देश में करीब-करीब शत-प्रतिशत एलपीजी कवरेज तक पहुंच चुके हैं। अगर राजनीति में ही स्वार्थ होगा तो कोई भी आकर पेट्रोल-डीजल भी मुफ्त देने की घोषणा कर सकता है। ऐसे कदम हमारे बच्चों से उनका हक छीनेंगे, देश को आत्मनिर्भर बनने से रोकेंगे। ऐसी स्वार्थ भरी नीतियों से देश के ईमानदार टैक्स पेयर का बोझ भी बढ़ता ही जाएगा।
उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ऐसी घोषणाएं करने वाले कभी नई टेक्नोलॉजी पर निवेश नहीं करेंगे। वो किसान से झूठे वादे करेंगे, लेकिन किसानों की आय बढ़ाने के लिए इथेनॉल जैसे प्लांट कभी नहीं लगाएंगे।
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर मोदी का वार-
कांग्रेस पार्टी द्वारा 5 अगस्त को किये गए विरोध प्रदर्शन पर पीएम मोदी बोले, हमारे देश में भी कुछ लोग हैं जो नकारात्मकता के भंवर में फंसे हुए हैं, निराशा में डूबे हुए हैं। सरकार के खिलाफ झूठ पर झूठ बोलने के बाद भी जनता जनार्दन ऐसे लोगों पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं। ऐसी हताशा में ये लोग अब काले जादू की तरफ मुड़ते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, हमने 5 अगस्त को देखा कि कैसे काले जादू को फैलाने का प्रयास किया गया। ये सोचते हैं कि काले कपड़े पहनकर, उनकी निराशा-हताशा का काल समाप्त हो जाएगा। लेकिन उन्हें पता नहीं कि वो कितनी ही झाड़-फूंक कर लें, कितना ही काला जादू कर लें, जनता का विश्वास अब उन पर दोबारा कभी नहीं बन पाएगा।