रूस और यूक्रेन के बीच स्थिति बिगड़ती जा रही है। दोनों देशों के बीच बेलारूस में सोमवार को हुई वार्ता निष्फल रही। इस बीच रूस ने परमाणु परीक्षण की तैयारी शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 84 किलोमीटर लंबा रूसी सैन्य काफिला यूक्रेन की राजधानी कीव की ओर बढ़ रहा है। उनकी सैटेलाइट तस्वीरें भी जारी की गई हैं। वहीं, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में आपातकालीन बहस के पक्ष में 29 वोट पड़े हैं। भारत सहित 13 देशों ने मतदान में भाग नहीं लिया।

राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी : 

यूक्रेन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक बैठक का मकसद यूक्रेन से जुड़े सभी मुद्दों पर राष्ट्रपति को जानकारी देना था।

यूक्रेन में पांच दिनों में भारी तबाही :

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले पांच दिनों से युद्ध चल रहा है। पिछले पांच दिनों में, रूस ने यूक्रेन में 56 रॉकेट और 113 क्रूज मिसाइलें दागी हैं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने यह बात कही हैं। यह आकड़ा रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार प्रकाशित किया गया हैं। उन्होंने कहा कि यह रूसी मिसाइलों, विमानों और हेलीकॉप्टरों के लिए फ्लाई जोन पर विचार करने का समय है।

सातवीं फ्लाइट भारत पहुंची :

ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर सातवीं फ्लाइट भारत पहुंच गई है। मिली जानकारी के अनुसार सातवीं फ्लाइट 182 भारतीय नागरिकों को लेकर मंगलवार सुबह रोमानिया से मुंबई पहुंची। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने मुंबई एयरपोर्ट पर भारतीय छात्रों का स्वागत किया।