विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। आस्था, आध्यात्म से लेकर पर्यटन तक, एजुकेशन से लेकर स्किल डेवलपमेंट तक एमपी अजब भी है, गजब भी है और सजग भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदौर में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। वे वर्चुअली समिट में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट ऐसे समय पर हो रही है जब भारत की स्वतंत्रता का अमृतकाल में प्रारंभ हो चुका है। हम सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण के लिए जुटे हुए हैं। इस समिट को मेरी अनेक -अनेक शुभकामनाएं हैं। मध्यप्रदेश के सामर्थ्य और संकल्प आपकी प्रगति में दो कदम आगे चलेंगे यह मैं आपको विश्वास से कहता हूं।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन के बाद बुधवार को दो दिवसीय ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट (जीआईएस) बुधवार से शुरू हो गई। समिट में 65 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। समिट की थीम 'फ्यूचर रेडी मप्र' रखी गई है। समिट के शुभारम्भ अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारा सौभाग्य है भारत के प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी परसों भी इसी मंच पर आशीर्वाद देने पधारे थे, प्रवासी भारतीय सम्मेलन में और आज भी ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री जी कर रहे हैं।
अतुल्य भारत के अद्भुत प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी उनके नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध, शक्तिशाली भारत और सच में आत्मनिर्भर भारत बन रहा है।
आत्मनिर्भर भारत के लिए मुझे आपके साथ मिलकर आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाना है उसका रोड मैप तैयार है लेकिन मैं उस पर बात करूं उससे पहले आज हम सभी की प्रेरणा और प्रकाश स्तंभ केवल भारत के ही नहीं, ग्लोबल लीडर जिन्होंने दुनिया को एक नई दिशा दिखाई है। मैं आज पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं इस मंच पर खड़े होकर भौतिकता की अग्नि में दग्द विश्व मानवता शांति के पद का दिग्दर्शन भारत ही कराएगा।
समिट से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवेशकों से व्यक्तिगत मुलाक़ात की। इंदौर में दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के प्रथम दिवस पर गोदरेज ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर नादिर गोदरेज ने भेंटकर निवेश संबंधी चर्चा की। साथ ही सीएम शिवराज ने रिलायंस न्यू एनर्जी के डायरेक्टर निखिल आर. मेसवानी से भी ने भेंट की।