प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ है और इसीलिए हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में पार्टी के कई सांसदों के बेटे-बेटियों को टिकट नहीं मिल सका। प्रधानमंत्री ने यह बात भाजपा संसदीय दल की बैठक में कही। यह जानकारी सूत्रों ने दी है।

बेटे-बेटियों को टिकट नहीं मिलने की वजह मैं हूं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी संसदीय दल की बैठक में कहा कि, जातिवाद या परिवारवाद लोकतंत्र के लिए खतरा है, हमें इससे लड़ना होगा। लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस जंग में पार्टी के सभी सदस्यों को परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ लड़ना है। पीएम मोदी ने साफ़-साफ़ कहा कि अगर सांसदों के बेटों को टिकट नहीं मिला तो मैं इसके लिए जिम्मेदार हूं और अगर यह पाप है तो मैंने किया है और मैं आपका आभारी हूं कि आप इसके बावजूद हमारे साथ हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि, इस तरह की राजनीति पर काबू पाने के लिए बीजेपी ने अपने ही संगठन में प्रयास शुरू कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि हाल के चुनावों में किसी वरिष्ठ सांसद के बेटे-बेटियों को टिकट नहीं मिला तो इसके पीछे भी वजह है।

बैठक में मौजूद भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि पीएम मोदी ने सांसदों से कहा था कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे 100 मतदान केंद्रों की पहचान करें जहां भाजपा के पक्ष में वोट अपेक्षाकृत कम हैं और उन्हें इसके कारणों पर भी गौर करना होंगा। बैठक के दौरान, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने "ऑपरेशन गंगा" पर एक प्रस्तुति दी, जिसका उद्देश्य युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीयों को निकालना था।

उधर, अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की सराहना की और कहा कि ऐसी फिल्में बनती रहनी चाहिए।इन दिनों 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म की चर्चा हो रही है, जो लोग 'freedom of expression' के झंडे लेकर घूमते हैं, वो इससे बौखलाए हुए हैं। एक पूरे इकोसिस्टम द्वारा षड्यंत्र चलाया जा रहा है। जो सत्य है उसको सही स्वरूप में देश के सामने लाना ही देश की भलाई का हिस्सा है।