PM Modi On India Mobile Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार यानी 27 अक्टूबर को नई दिल्‍ली में प्रगति मैदान के भारत मंडपम में 7वें भारतीय मोबाइल कांग्रेस 2023 का उद्घाटन किया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने यहां आयोजित प्रदर्शनी का भी मुआयना किया और उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी उन्हें नई तकनीक की जानकारी देते हुए नज़र आए.

आज हर दिन टेक्नोलॉजी में तेजी से होता हैं परिवर्तन- PM

भारतीय मोबाइल कांग्रेस (IMC) के इस तीन दिवसीय इवेंट 2023 में करीब 22 देशों के एक लाख से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं. इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज हर दिन टेक्नोलॉजी में तेजी से होते बदलाव के कारण हम कहते हैं कि 'द फ्यूचर इज हेयर एंड नाउ'. इस एग्जिबिशन में मैंने फ्यूचर की एक झलक देखी. टेलीकॉम हो, टेक्नोलॉजी हो कनेक्टिविटी हो, 6G हो, AI हो, साइबर सिक्योरिटी हो, सेमीकंडक्टर हो, ड्रोन या स्पेस सेक्टर हो या फिर दूसरे सेक्टर्स, आने वाला समय बिल्कुल ही अलग होने जा रहा है. यह खुशी की बात है कि हमारी युवा पीढ़ी देश के भविष्य का नेतृत्व कर रही है, टेक को लीड कर रही है.

उन्होंने कहा कि हम ना केवल 5जी, बल्कि 6जी के क्षेत्र में भी लीडर बनने जा रहे हैं. 2जी में क्या हुआ था शायद नई पीढ़ी को पता नहीं होगा. मैं उसका जिक्र नहीं करूंगा क्योंकि मीडिया वाले उसी को पकड़ेंगे. इतना जरूर कहूंगा की हमारे कालखंड में 4 जी का विस्तार हुआ लेकिन एक भी दाग नहीं लगा. मेरा दावा है कि 6 जी में भारत दुनिया को लीड करेगा. इंटरनेट में स्पीड ना केवल रैंकिग में सुधार होता है बल्कि हमारी ईज ऑफ लाइफ में भी सुधार होता है. इंटरनेट की स्पीड सोशल और इकोनॉमिक दोनों ही रूप से बड़ा परिवर्तन करती हैं.

हमने 5G को हर नागरिक तक पहुंचाने का काम किया-PM

पीएम मोदी ने बताया कि 2014 एक तारीख नहीं एक बदलाव है. बीते कुछ वर्षों में भारत की सबसे महत्वपूर्ण success stories में हमारा स्टार्टअप इकोसिस्टम भी एक महत्वपूर्ण स्थान ले चुका है. 2014 से पहले भारत के पास कुछ 100 स्टार्ट अप्स थे लेकिन यह संख्या अब 1 लाख के आस-पास है. 

उन्होंने आगे कहा, बहुत कम समय में हमने Unicorns का शतक लगाया है और हम दुनिया के top 3 स्टार्टअप इकोसिस्टम में से एक बने हैं. ये भी बहुत अच्छा है कि स्टार्ट अप्स को प्रोत्साहित करने के लिए इंडियन मोबाइल कांग्रेस ने एस्पायर कार्यक्रम की शुरूआत की है. इस पड़ाव पर हमें ये भी याद रखना होगा कि हम कितना दूर आएंगे और किन परिस्थितियों के बाद इतना दूर आए हैं.

मेरे लिए यहीं सबसे बड़ा सामाजिक न्याय-PM

पीएम मोदी बोले, आप 10-12 साल पुराने समय को याद करिए जब आउटडेटेड मोबाइल फोन की स्क्रीन बार-बार हैंग कर जाती थी, चाहे आप कितना भी स्वाइप कर लें या बटन दबा ले, कुछ असर नहीं होता था. ऐसी ही स्थिति उस समय सरकार की भी थी. उस समय भारत की अर्थव्यवस्था का कहें या तब की सरकार कहें, वो हैंग हो गए वाले मोड में थी.

उन्होंने आगे कहा, हालत इतनी बिगड़ गई थी कि रि स्टार्ट करने, बैटरी चार्ज करने या बैटरी बदलने से भी कोई फायदा नहीं होता था. 2014 में लोगों ने ऐसे Outdated फोन को छोड़ दिया और हमें सेवा करने का अवसर दिया. इस बदलाव से क्या हुआ ये दिखता है. उस समय हम मोबाइल फोन के इंपोर्टर थे, आज हम एक्सपोर्टर हैं. आज हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल मैन्युफैक्चर्रस हैं.

हम दुनिया के Top 3 स्टार्टअप इकोसिस्टम में से एक बने- PM

पीएम मोदी ने बताया कि गूगल भी अब पिक्सल फोन भारत में बनाएगा. सैमसंग और ऐप्पल पहले ही भारत में बनने लगे हैं. आज पूरी दुनिया मेड इन इंडिया फोन का इस्तेमाल कर रही है. आज जरूरत है मोबाइल और इलेक्ट्रोनिक मैन्युफैक्चरिंग में अपनी क्षमता को और बढ़ाएं. 

उन्होंने आगे कहा, भारत में विकास का लाभ हर वर्ग, हर क्षेत्र तक पहुंचे, भारत में संसाधनों का सभी को लाभ मिले, सभी को सम्मानजनक जीवन मिले और सभी तक टेक्नोलॉजी का फायदा पहुंचे, इस दिशा में हम तेजी से काम कर रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के दौरान देशभर में शैक्षणिक संस्थानों को 100 '5जी यूज केस लैब्स' प्रदान किए. इन प्रयोगशालाओं को '100 5जी लैब्स पहल' के तहत विकसित किया जा रहा है.