हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार रैलियां कर रहे हैं। आज उनके देवभूमि हिमाचल में कई कार्यक्रम हैं। इस बीच बुधवार को चुनावी रैली से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला कुछ देर के लिए चंबी के पास अचानक रुका। एक वीडियो के अनुसार, कांगड़ा के चंबी में पीएम मोदी ने खुद अपने काफिले को रोक एंबुलेंस को रास्ता दिया।

एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए रुका था पीएम का काफिला-

हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर की रैली से पहले जब प्रधानमंत्री मोदी का काफिला अचानक कांगड़ा के चंबी के पास रुका तो लोग हैरान रह गए क्योंकि इस दौरान पीएम मोदी का मानवीय रूप देखने को मिला। पीएम ने यहां खुद ही अपने काफिले को रोक एंबुलेंस को रास्ता दिया। जिसका वीडियो अब तेज़ी से वायरल हो रहा हैं।

इस तरह पहले भी रोका गया था काफिला-

यह पहली बार नहीं है जब पीएम ने एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए अपने काफिले को रोका हो..! पिछले महीने भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। उस वक्त पीएम मोदी गुजरात के दौरे पर थे। उस दौरान भी उन्होंने एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए ऐसा ही आदेश दिया था। फ़िलहाल इस वीडियो को देख हर कोई उनकी तारीफ करते नहीं थक रहा है।