प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर यूएई के लिए रवाना हो गए हैं। 14 फरवरी को वह अबू धाबी में पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह यूएई में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। हालांकि, इवेंट से पहले बारिश ने सारा मजा किरकिरा कर दिया है। बारिश के कारण कार्यक्रम छोटा कर दिया गया है।

संयुक्त अरब अमीरात में पहले हिंदू मंदिर का निर्माण पूरा हो गया है। इसका उद्घाटन पीएम मोदी अपने हाथों से करेंगे। बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर संयुक्त अरब अमीरात में पहला हिंदू मंदिर है। यह मंदिर 900 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इसमें 7 गोपुरम और कलात्मक रूप से नक्काशीदार कई मूर्तियां हैं। यह न केवल देश में सांस्कृतिक विविधता को दर्शाता है बल्कि भारत और यूएई के बीच संबंधों को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। इस मंदिर में लगभग 2000-5000 भक्तों के आने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार शाम को 'अहलान' मोदी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अब तक 65 हजार से ज्यादा लोगों ने बुकिंग कराई है। यह आयोजन अबू धाबी के जायद स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम में होने जा रहा है। पीएम मोदी यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम सहित कई नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान कई मुद्दों पर बातचीत भी होगी।

भारत में यूएई के राजदूत अब्दुलनासिर अलशाली ने द्विपक्षीय संबंधों की अहमियत के चलते पीएम मोदी के दौरे को जरूरी बताया है। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के रिश्ते नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी और राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ कई मुद्दों पर चर्चा होगी और पीएम मोदी अपने हाथों से एक हिंदू मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे। पीएम मोदी का यह सातवां यूएई दौरा है।