प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 11 नवंबर को लगभग 5000 करोड़ रुपये की लागत से बने बेंगलुरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही पीएम बेंगलुरु के संस्थापक केंपेगौड़ा की 108 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण भी यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ही करेंगे।
बता दें कि, इसके पहले स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवार्ड्स में बेंगलुरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा को भारत एवं दक्षिण एशिया के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय हवाअड्डे का खिताब मिल चूका है। पुरस्कार समारोह 16 जून को फ्रांस के पेरिस में पैसेंजर टर्मिनल एक्सपो में आयोजित किया गया था।
ख़ास होगा टर्मिनल 2
गौरतलब है कि, 5000 करोड़ रुपये की लागत से बने बेंगलुरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 को बेंगलुरु के गार्डन सिटी के लिए एक ट्रिव्यूट के रूप में डिज़ाइन किया गया है, इसमें भ्रमण करना, यात्रियों के लिए "किसी गार्डन में चलने” जैसा होगा।
बेंगलुरु में यहां के संस्थापक केंपेगौड़ा की 85 करोड़ रुपये की लागत से बनी 220 टन वजनी प्रतिमा भी स्थापित की जा रही है। इसे जानेमाने मूर्तिकार और पद्म भूषण से सम्मानित राम वनजी सुतार ने तैयार किया है। बता दें कि, सुतार ने ही गुजरात में 'स्टेच्यू ऑफ यूनिटी' और बेंगलुरु के विधान सौध में महात्मा गांधी की प्रतिमा बनाई थी। इसके साथ ही केंपेगौड़ा की प्रतिमा के अलावा परिसर में 23 एकड़ क्षेत्र में एक हेरिटेज पार्क भी बनाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक केंपेगौड़ा क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नारायण ने इस बाबत कहा कि, केंपेगौड़ा थीम पार्क के विकास के लिए पूरे राज्य से पवित्र मिट्टी इकट्ठी करने के अभियान को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बीते 21 अक्टूबर को यहां विधान सौध के सामने शुरू किया था।