प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जर्मनी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अपनी यात्रा के दौरान दुनिया के करीब 12 से ज्यादा नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस बीच पीएम मोदी करीब 15 से अधिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। मोदी म्यूनिख में भारतीय समुदाय से जुड़े एक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। कोरोना महामारी के बाद से यह इस तरह का सबसे बड़ा आयोजन होने की उम्मीद है।

पीएम मोदी 26-27 जून को G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जर्मनी की यात्रा करेंगे। यूएई के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए प्रधानमंत्री 28 जून को खाड़ी देश की यात्रा करेंगे। नाहयान की 13 मई को मौत हो गई थी। उन्होंने 3 नवंबर 2004 को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक के रूप में पदभार संभाला था। पीएम मोदी ने ट्वीट कर उन्हें एक महान राजनेता और दूरदर्शी नेता बताया था। जिनके तहत भारत-यूएई संबंधों को समृद्ध किया गया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी करीब 60 घंटे तक जर्मनी और संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह दुनिया के सात सबसे अमीर देशों के G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने शुक्रवार को कहा था कि पीएम मोदी G7 और कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें और चर्चा करेंगे। भारत के अलावा, जर्मनी ने अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, सेनेगल और दक्षिण अफ्रीका को भी अतिथि के रूप में सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।