मोरबी में पुल गिरने के तीसरे दिन भी मच्छू नदी में शवों की तलाश जारी है। अब तक 134 से ज्यादा शव बरामद हो चुके हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मोरबी पहुंच कर मृतकों के परिजनों से मिलेंगे और अस्पताल में उपचाररत लोगों का हाल भी जानेंगे। हालांकि पीएम मोदी के मोरबी दौरे से पहले विवाद शुरू हो गया है। 

दरअसल सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के पहुंचने से पहले मोरबी के अस्पताल के रंग रोंगन कराये जाने की तस्वीरें वायरल हैं। विपक्ष का कहना है कि पीएम के दौरे से पहले हॉस्पिटल में रंगाई-पुताई हो रही है और नए टाइल्स लगाए जा रहे हैं। 

कांग्रेस ने अस्पताल में रंगाई-पुताई पर तीखी प्रतिक्रिया दे है। पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया कि PM मोदी की तस्वीर में कोई कमी न रहे, इसका सारा प्रबंध हो रहा है। इन्हें शर्म नहीं आती! इतने लोग मर गए और ये इवेंटबाजी में लगे हैं।

आम आदमी पार्टी ने भी इसे मुदा बनाया।  पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया कि कल प्रधानमंत्री के Photoshoot में कोई कमी ना रह जाए इसलिए अस्पताल की मरम्मत की जा रही है। अगर भाजपा ने 27 वर्षों में काम किया होता तो आधी रात को अस्पताल को चमकाने की जरूरत न पड़ती।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार यानी 1 नवंबर को गुजरात के मोरबी पहुंचेंगे। जहां रविवार को माच्छू नदी पर बना पुल गिरने की घटना में अबतक करीब 134 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुई त्रासदी की समीक्षा के लिए सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता ही की। वहीं इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोमवार को अहमदाबाद में होने वाले वाला रोड शो रद्द कर दिया गया। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस में हिस्सा लिया। इसके बाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी ने मोरबी हादसे पर दुख जताया और कहा कि आज राष्ट्रीय एकता दिवस हमें इस दुख की घड़ी में एकजुट होकर अपने कर्तव्य पथ पर रहने की संवेदना दे रहा है। मैं यहां एकता नगर में हूं लेकिन मेरा मन मोरबी के पीड़ितों से जुड़ा हुआ है। हादसे में जिन लोगों ने जान गंवाई है मैं उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।