प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली 2 हजार रुपये की किस्त का लाभार्थी किसान बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. पीएम किसान योजना की 12वीं किस्त जल्द जारी होने वाली है. केंद्र सरकार ने दीवाली से पहले करोड़ों किसानों के खातों में सम्मान निधि योजना की 12वीं किस्त का पैसा ट्रांसफर करने का फैसला किया है.
कृषि मंत्रालय के मुताबिक, पीएम मोदी किसान सम्मान निधि योजना की 12वीं किस्त सोमवार 17 अक्टूबर को जारी करेंगे. पीएम मोदी किसान सम्मान निधि यानी पीएम किसान योजना के तहत 16,000 करोड़ रुपये की 12वीं किस्त जारी करेंगे. पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को 6,000 रुपये प्रति वर्ष का वित्तीय लाभ मिलता है. इस योजना के लाभार्थियों के खाते में हर चार महीने में 2,000 रुपए ट्रांसफर किये जाते है।
2019 में शुरू की गई थी योजना-
पीएम मोदी ने 31 मई 2022 को पीएम किसान योजना की 11वीं किस्त जारी की थी. पीएम मोदी ने सम्मान निधि की 11वीं किस्त के तौर पर 21,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किये थे. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री ने 2019 में की थी. इस योजना का पैसा सीधे लाभार्थी किसानों के खाते में पहुंचता है. अब तक पीएम किसान योजना के तहत किसानों को 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है.
लाभार्थी अपना नाम पोर्टल पर भी देख सकते हैं-
गौरतलब है कि इस बार कई किसान ऐसे हैं जिनके खाते में 12वीं किस्त की राशि नहीं भेजी जाएगी. जानकारी के अनुसार, ईकेवाईसी नहीं करने वाले और अपात्र किसानों के नाम लाभार्थी सूची से बाहर किए जा सकते हैं. अगर आप भी 2000 रुपये की किस्त का इंतजार कर रहे हैं तो पीएम किसान पोर्टल pmkisan.gov.in पर जाकर लाभार्थी सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं.
लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम-
1. पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं.
2. अब होम पेज के दाईं ओर 'किसान कॉर्नर' सेक्शन पर क्लिक करें.
3. किसान कॉर्नर सेक्शन में 'लाभार्थी स्थिति' विकल्प पर क्लिक करें.
4. अब PM Kisan Account Number या Registered Mobile Number में से किसी एक विकल्प को चुनें.
5. विवरण भरने के बाद 'डेटा प्राप्त करें' पर क्लिक करें.
6. अब आप स्क्रीन पर अपना स्टेटस देखेंगे.
इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें-
यदि आपको 12वीं किस्त के संबंध में कोई संदेह या शिकायत है तो आप हेल्पलाइन नंबर- 155261 या 1800115526 (टोल फ्री) या पीएम किसान योजना 011-23381092 पर संपर्क कर सकते हैं. साथ ही आप अपनी शिकायत ई-मेल आईडी (pmkisan-ict@gov.in) पर भी भेज सकते हैं.