नेशनल हेराल्ड केस में ED के सवालों का जवाब देने राहुल गांधी दूसरे दिन कार से जांच एजेंसी के ऑफिस पहुंचे। उनके साथ प्रियंका गांधी भी थीं हालांकि राहुल को छोड़ने के बाद प्रियंका वहां से चली गईं। राहुल के साथ पैदल मार्च करके जा रहे कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को पुलिस ने घसीटकर वैन में बैठा लिया। इधर सुरजेवाला ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान पी चिदंबरम को पसली में चोटें आई हैं। मार्च में शामिल कई अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। कांग्रेस कार्यालय के पास से पैदल मार्च करके जा रहे नेताओं को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कांग्रेस कार्यालय के पास लगे बैरिकेड पर रोके जाने पर दिल्ली पुलिस से झड़प हो गई। सीएम ने पुलिस से कहा कि आप एक मुख्यमंत्री को नहीं रोक सकते हैं। पर पुलिस ने उन्हें नहीं जाने दिया। राहुल इससे पहले अपने घर से प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। कांग्रेस के तमाम नेताओं ने ओपन एरिया में बातचीत की। यहां से रणनीति तैयार होने के बाद ही  राहुल ED दफ्तर के लिए रवाना हुए।

सूत्रों के अनुसार हरीश रावत, रणदीप सिंह सुरजेवाला, केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, गौरव गोगोई, दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा,समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अकबर रोड से इन्हें तुगलक रोड थाने ले जाया जा रहा है। इससे पहले सोमवार को भी करीब एक हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें देर रात छोड़ दिया गया था।

जांच एजेंसी ने सोमवार को राहुल गांधी से 9 घंटे पूछताछ की थी। देर रात तक हो रही पूछताछ के दौरान राहुल ने ED के अफसर से कहा कि 'क्या रात को यहीं रोके रखने का इरादा है। यदि ऐसा है, तो मैं डिनर के बाद आ जाऊं। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उनके जवाब से एजेंसी संतुष्ट नहीं दिखी। राहुल कई बार सवाल का जवाब देने से बचते नजर आए। इसके चलते ही उन्हें मंगलवार को दोबारा बुलाया गया है। उनसे कुछ पेपर्स भी मांगे गए हैं।