सोशल मीडिया पर शनिवार 18 फरवरी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. उस वीडियो में पुलिसकर्मी एक महिला को धक्का देते और पीटते नजर आ रहें है. समाजवादी पार्टी के अनुसार, ये वीडियो यूपी के गोरखपुर का है और महाशिवरात्रि पर मंदिर के बाहर दुकान लगाने वाली महिलाओं को पुलिस ने हटा दिया, वहीं इस दौरान सब इंस्पेक्टर ने महिलाओं की पिटाई तक कर दी. 

मुक्तेश्वर नाथ मंदिर के बाहर हुई घटना-

फिलहाल, ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक, ये वीडियो राजघाट थाना क्षेत्र के मुक्तेश्वर नाथ मंदिर का बताया जा रहा है. कल महाशिवरात्रि पर यूपी के गोरखपुर में मुक्तेश्वर नाथ मंदिर के बाहर महिलाओं की पिटाई का मामला सामने आया था. खबरों की मानें तो वीडियो में महिला को पीटने वाला पुलिसकर्मी ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी कुंवर गौरव सिंह है.

पुलिस पर उठे सवाल-

सामने आए इस वीडियो में शिवरात्रि के दिन कई दुकानदार पूजा सामग्री बेचने के लिए मंदिर के बाहर अपनी दुकान लगा लेते हैं. वीडियो में कुछ महिलाएं भी नजर आ रही हैं. इसी बीच पुलिसकर्मी दुकानदारों को हटा रहे थे और जैसा कि वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस और महिलाओं के बीच कहासुनी हो रही है. फिर एक महिला पुलिस टीम से कुछ कहती सुनाई दे रही है. इसके बाद पुलिसकर्मी महिला को जबरन घसीटते हुए पीटते नजर आ रहे हैं.

SP ने योगी सरकार पर साधा निशाना-

समाजवादी पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ ने इस घटना को लेकर एक वीडियो शेयर कर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज सुबह गोरखपुर के मुक्तेश्वर नाथ मंदिर में दुकान लगाने वाली महिलाओं को भाजपा शासित योगी सरकार के बेलगाम पुलिस वाले कुंवर गौरव सिंह ने थप्पड़ों से पीटा और भद्दी भद्दी जातिसूचक गालियां दीं. ये योगी सरकार के नारी सम्मान ,नारी अस्मिता ,नारी सुरक्षा के दावों का गोरखपुर मॉडल है.

गोरखपुर पुलिस ने वायरल वीडियों पर जानकारी दी कि मामले की जांच गोरखपुर सिटी एसपी द्वारा की जा रही है. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ 17 फरवरी शुक्रवार शाम महाशिवरात्रि पर्व पर गोरखपुर पहुंचे थे. 18 फरवरी को गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक के बाद कई शिव मंदिरों में सीएम के दर्शन का कार्यक्रम तय किया गया था. सीएम के दर्शन कार्यक्रम में राजघाट का मुक्तेश्वर नाथ मंदिर भी शामिल था.