ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने इस्तीफा दे दिया है। ट्रस को प्रधानमंत्री बने अभी एक महीने ही बीता था कि उन्हें पद से हटाने की मांग तेज हो गई थी। संसद के निचले सदन में सदस्यों द्वारा जमकर आलोचना के बाद ही ट्रस के पद पर बने रहने को लेकर संशय पैदा हो गया था।
इस्तीफा देते हुए लिज ट्रस ने कहा कि मैं जिन वादों के साथ सत्ता में आई थी उन्हें पूरा नहीं कर सकी इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक नए प्रधानमंत्री का नाम तय नहीं होता वे पद पर बनी रहेंगी।
लिज ट्रस बतौर प्रधानमंत्री केवल 45 दिन का कार्यकाल ही पूरा कर सकीं। यह ब्रिटेन के इतिहास में अब तक किसी भी प्रधानमंत्री का सबसे कम कार्यकाल है। इससे पहले इसके पहले 1827 में जॉर्ज केनिंग केवल 119 दिन ही प्रधानमंत्री रहे थे।
ट्रस ने पिछले महीने सरकार ने एक आर्थिक योजना पेश की थी, जिसके असफल होने के कारण आर्थिक उथल-पुथल और राजनीतिक संकट पैदा हो गया था जिसका अंत उनके इस्तीफे के रूप में हुआ।
आर्थिक योजना पेश किये जाने के बाद ट्रस को वित्त मंत्री बदलने के अलावा अपनी कई नीतियों को भी उलटना पड़ा था। साथ ही उनके कार्यकाल के दौरान सत्तारूढ़ कन्जरवेटिव पार्टी में अनुशासनहीनता भी देखने को मिली है। कन्जरवेटिव पार्टी के कई नेताओं ने भी प्रधानमंत्री पद से ट्रस के इस्तीफे की मांग की थी।