मध्यप्रदेश की सियासत में शहरों, रेलवे स्टेशनों और कई जगहों के नाम बदलने को लेकर उठापटक दिखती रहती है. पहले भोपाल में हबीबगंज का नाम बदलकर रानी कमलापति किया गया.

तो वहीं हाल ही में इंदौर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की खबर भी उस समय सुनाई दी थी जब इंदौर को एक हज़ार करोड़ की लागत से राजवाड़ा की तर्ज पर भव्य रूप देने के लिए अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन की सौगात मिली थी.

फ़िलहाल, नाम बदलने को लेकर ही एक और बड़ी ख़बर सामने आई है. जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम “रानी दुर्गावती” करने की मांग सांसद राकेश सिंह द्वारा उठाई गई है. इसके लिए उन्होंने पश्चिम मध्य रेल अधिकारियों के साथ बैठक भी की. उन्होंने कहा कि यह एक लंबी प्रोसेस है लेकिन फिर भी नाम बदला जाए.

अब देखना यह होगा कि जबलपुर रेलवे स्टेशन को अपना नया नाम “रानी दुर्गावती” कब तक मिलेगा. बता दें कि नाम बदलने की मांग इसलिए भी उठ रहीं है क्योंकि करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से रेलवे स्टेशन को रानी कमलापति की तर्ज पर भव्य रूप दिया जाएगा. रेल बजट के बाद पहले इंदौर और अब जबलपुर को एक बड़ी सौगात केंद्र सरकार की तरफ से मिली हैं.