भोपाल: प्रदेश के सिंगरौली, छिन्दवाड़ा, शहडोल सहित छह जिलों में मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशालायें खुल गई हैं जिसे इनकी संख्या बढक़र पन्द्रह हो गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रदूषण बोर्ड ने चौदह साल पहले 8 फरवरी 2008 को प्रदेश में अपनी नौ क्षेत्रीय प्रयोगशालायें नोटिफाई की थीं जिनमें शामिल थीं : केंद्रीय प्रयोगशाला भोपाल एवं क्षेत्रीय प्रयोगशालायें इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, गुना, जबलपुर, सागर, सतना एवं रीवा। लेकिन अब बोर्ड ने छह अन्य जिलों देवास, सिंगरौली, छिन्दवाड़ा, कटनी, मण्डीदीप एवं शहडोल में भी अपनी क्षेत्रीय प्रयोगशालायें स्थापित कर दी हैं। इससे इन जिलों के उद्योगों आदि को वायु एवं जल प्रदूषण संबंधी अनापत्तियां अपने जिले में मिल जायेंगी और वहीं से इनका निरीक्षण भी हो सकेगा।
सिंगरौली जिले में भकुआर नौगढ़ जिला सिंगरौली में, छिन्दवाड़ा जिले में मुल्लाजी पेट्रोल पम्प के सामने लोनिया करबल परासिया रोड जिला छिन्दवाड़ा तथा शहडोल जिले में बायपास बुढार रोड गोरतरा जिला शहडोल में क्षेत्रीय प्रयोगशाला खोली गई है। नई खोली गई क्षेत्रीय प्रयोगशालाओं में विभिन्न विश्लेषणात्मक पैरामीटरों की प्रत्येक विश्लेषण रिपोर्ट के संबंध में बोर्ड को देय शुल्क और जल, अपशिष्ट जल, मृदा, जोखिमयुक्त अपशिष्ट, वायु फ्यूजीटिव उत्सर्जनों, उत्सर्जन स्रोत, शोर प्रदूषण, ऑटो एक्जास्ट प्रवेधन और परिवेशी वायु गुणवत्ता प्रवोधन के लिये नमूने लेने के प्रभार वसूले जा सकेंगे।