देश की राजधानी दिल्ली का तापमान कम होता जा रहा है. दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदूषण का खतरा भी बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी. राष्ट्रीय राजधानी में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों का AQI 400 के पार हो गया है. इसके साथ ही आने वाले दिनों में कोहरे का खतरा भी बढ़ रहा है. दिल्ली के आसमान में सुबह कोहरा छाया हुआ है. इसके साथ ही हवा की गति भी धीमी हो गई है. ऐसे में बढ़ते प्रदूषण के साथ-साथ कोहरे के खतरे की भी चेतावनी दी गई है.

बेहद खराब और गंभीर श्रेणी में दिल्ली की हवा-

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, आनंद विहार स्टेशन पर AQI 421 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है. जबकि आईटीओ में AQI 340 रिकॉर्ड किया गया. साथ ही आईजीआई एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में AQI 359 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है.

आज दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज (बुधवार) न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहेगा. वहीं, दिल्ली में आज स्मॉग भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में सुबह कोहरा छाया रहेगा. वहीं दूसरी ओर प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है.