सियासत में जो चीज दिक्कत देने लगती है या फिर सच्चाई उजागर करने लगती है उसे रातों रात ठीक कर दिया जाता है. लेकिन जो समस्या दिक्कत नहीं देती उसका समाधान भी सियासत में कभी तुरंत निकलता नहीं हैं. फिर चाहें आप शहरों के अंदर जो गड्ढे होते हैं उन्हें ही देख लो, कभी भी रातों-रात ठीक होते नहीं हैं.
.jpg)
वैसे इस समय हर जगह बारिश का दौर जारी हैं. मौसम ने भी अचानक करवट ले ली है. कई जगह तेज, तो कहीं बूंदाबांदी हो रही है. बीती रात भी कई जगह बारिश हुई, लेकिन यूपी के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जो तेज बूंदे गिरी है वो अब चर्चा का विषय बन गई है.
दरअसल तेज बारिश के कारण बीती रात 22 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने 340 KM लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का एक हिस्सा हलियापुर के पास अचानक धंस गया और लगभग 15 फ़ीट का गड्ढा हो गया. हादसे में कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त भी हुई हैं और कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं.

हादसे की सूचना मिलते ही यूपी एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की टीम और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू करवाया. इसमें गौर करने वाली बात यह है कि टीम ने रातों रात जेसीबी की मदद से गड्ढे को भरकर पूरी तरह से ठीक कर दिया.

वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने एक अलग ही तर्क देते हुए कहा कि इस एक्सप्रेस-वे को बने अभी मुश्किल से एक साल भी नहीं हुआ और पहली ही बारिश में उसकी पोल खुल गई. साथ ही कांग्रेस ने भी आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार छुपाने के लिए इसे रातों-रात ठीक करवा दिया ताकि सच्चाई जनता के सामने ना आ सकें.
खेर, इसी तरह खराब सड़के भी अगर रातों-रात ठीक होने लग जाये तो वह समय ज्यादा दूर नहीं होगा जब पूरा देश एक साथ तेज रफ़्तार से चलने लगेगा. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 नवंबर 2021 को इस एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया था.