पोर्ट ब्लेयर को मिला नया नाम, अब श्री विजय पुरम के नाम से जाना जाएगा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

पोर्ट ब्लेयर के नए नाम की घोषणा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर एक पोस्ट में की..!

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर विजयपुरम कर दिया है। पोर्ट ब्लेयर के नए नाम की घोषणा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर एक पोस्ट में की। 

अमित शाह ने कहा कि देश को औपनिवेशिक पहचान से मुक्त कराने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के तहत हमने पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर श्री विजय पुरम करने का फैसला किया है। अब गुलामी की एक और निशानी मिट गई है।

उन्होंने लिखा कि पहले के नाम में औपनिवेशिक विरासत थी। विजय पुरम स्वतंत्रता संग्राम में जीत और उसमें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की अद्वितीय भूमिका का प्रतीक है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का हमारे स्वतंत्रता संग्राम और इतिहास में प्रमुख स्थान है। 

यह द्वीप क्षेत्र, जो कभी चोल साम्राज्य का नौसैनिक अड्डा हुआ करता था, आज हमारी रणनीतिक और विकास संबंधी आकांक्षाओं के लिए एक महत्वपूर्ण आधार बनने की ओर अग्रसर है। यह वह स्थान है जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पहली बार तिरंगा फहराया था और यह सेलुलर जेल भी है जहां वीर सावरकर और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों ने एक स्वतंत्र राष्ट्र के लिए लड़ाई लड़ी थी।