Prabhat Jha Passes Away: बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का निधन, दिल्ली के मेदांता में ली अंतिम सांस


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

प्रभात झा का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया, झा पत्रकारिता के बाद राजनीति में आये..!!

मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रभात झा का शुक्रवार 26 जुलाई की सुबह दिल्ली के मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार थे। उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज चल रहा था। एमपी के सीएम और मंत्रियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मेदांता से पहले उन्हें मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन बाद झा को हवाई मार्ग से दिल्ली के मेदांता अस्पताल ले जाया गया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि, भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता माननीय श्री प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस भीषण वज्रपात को सहन करने की शक्ति दें। मध्य प्रदेश के विकास में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका हमें सदैव प्रेरित करती रहेगी। आपका निधन राजनीतिक जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

प्रभात झा पेशे से पत्रकार थे। बाद में वह राजनीति में आये। वह बीजेपी में कई पदों पर रहे। उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था और वह पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी थे। प्रभात झा की गिनती बीजेपी के कद्दावर नेताओं में होती थी, वे दो बार बीजेपी से राज्यसबा सांसद भी रहे।

67 वर्षीय झा लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन की जानकारी देते हुए उनके बेटे अयत्न ने बताया कि अंतिम संस्कार ग्वालियर या पैतृक गांव कोरियाही, सीतामढी (बिहार) में किया जाएगा।