कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर तीन दिन में दूसरी बार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक बुलाई गई है। खास बात यह रही कि इस बैठक में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर मौजूद रहें। इसके अलावा अहम बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, रणदीप सुरजेवाला और मुकुल वासनिक समेत कई अहम नेता मौजूद थे।

इससे पहले शनिवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर हुई कांग्रेस पार्टी की अहम बैठक चार घंटे तक चली थी। जिसमें प्रशांत किशोर ने 2024 के लोकसभा चुनाव पर प्रजेंटेशन दिया था।

इस बैठक की जानकारी खुद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने दी थी। उन्होंने कहा कि, प्रशांत किशोर ने 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत पार्टी के कुछ दिग्गज नेताओं के सामने एक प्रेजेंटेशन दिया था। इस प्रस्तुति की समीक्षा के लिए एक टीम का गठन किया जाएगा। जो कुछ ही दिन में अपनी रिपोर्ट सौंप देगी जिसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि, प्रशांत किशोर द्वारा रखी गई योजना पर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान करेगा। क्या वह लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए कोई भूमिका निभाएंगे? यह जल्दी तय हो जाएगा। हालांकि, पार्टी का मानना ​​है कि प्रशांत किशोर को कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए। लेकिन अब सभी को उनके फ़ैसले का इंतजार है।