आज से बूथ-कब्जे की जंग में कूदी कांग्रेस, भाजपा अभी आगे|

भोपाल, मप्र में भाजपा और कांग्रेस के बीच चुनावी जंग तेज हो चली है। हालांकि अभी चुनाव में करीब डेढ़ साल बाकी है लेकिन दोनों दलों ने इस बार तेजी दिखाई है। हालांकि सांगठनिक तौर पर मजबूती के लिये कांग्रेस के मुकाबले भाजपा आगे है। 

उसका बूथ विस्तारक अभियान करीब एक महीने से चल रहा है और वह बूथवार डिजिटल बेस तक तैयार करने में कामयाब नजर आ रही है। वहीं कांग्रेस ने आज से बूथवार खुद को मजबूत करने का अभियान राज्यभर में शुरू कर दिया है। अध्यक्ष कमलनाथ ने इसकी शुरूआत आज देवास से की है।

मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष तथा संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया है कि अभियान के कुशल संचालन के लिए हर जिले में समन्वय समिति का गठन किया गया है। समिति में जिला अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक आदि जिले के वरिष्ठ नेता शामिल किए गए हैं। 

अभियान के तहत फरवरी के पूरे महीने में कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश के सभी 65000 बूथों तक कांग्रेस पार्टी और कमलनाथ का संदेश पहुंचाएंगे। हर बूथ पर मतदाताओं के साथ कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सीधा संपर्क करेंगे। 

इस दौरान बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और प्रत्येक घर में कांग्रेस की उपलब्धियों और भारतीय जनता पार्टी सरकार की नाकामियों के पर्चे बांटे जाएंगे। अभियान में मुख्य रूप से प्रदेश में बढ़ती महंगाई, आदिवासी दलित और महिलाओं पर प्रदेश में बढ़ते अत्याचार, किसानों के साथ भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा अन्याय जैसी बातें प्रमुखता से उठाई जाएंगी।

3 वर्ष पहले का इतिहास बताएगी कांग्रेस..

खास बात यह है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता जनता को यह बात याद दिलाएंगे कि 2018 में भाजपा के 15 साल के कुशासन से त्रस्त होकर जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाई थी, लेकिन आज जो सरकार मध्यप्रदेश में काम कर रही है वह जनता की चुनी हुई सरकार नहीं है, खरीदी हुई सरकार है। 

कमलनाथ द्वारा कल एक फरवरी को अभियान का शुभारंभ करने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग अलग जिलों में तय कार्यक्रम के अनुसार घर चलो घर घर चलो अभियान का कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

भाजपा ने बढ़ाया अभियान..

उधर भाजपा ने बूथ विस्तार योजना के तहत नया मॉडल तैयार किया है। इसके तहत बूथ स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सीधे मुख्यमंत्री से भी विशेष कोड के जरिये जुड़ पायेंगे। कार्यकर्ताओं को क्षेत्र के हर गणमान्य नागरिक को पार्टी की विचारधारा से अवगत कराकर उन्हें जोड़ने के निर्देश दिए जा रहे हैं। 

बताया जाता है किभाजपा ने 35 हजार बूथों का डिजिटल डाटा तैयार कर लिया है। बाकी के लिए बूथ विस्तारक कार्यक्रम को पांच फरवरी तक बढ़ाया गया है भाजपा ने भी 65 हजार बूथों में विस्तारक भेजकर संपर्क अभियान चलाया हुआ है