भोले बाबा के आश्रम पर कार्रवाई की तैयारी, जानकारी जुटाने में लगा प्रशासन


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा कहां हैं, इसके बारे में पुलिस और प्रशासन को अब तक कोई जानकारी नहीं है..!!

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में नोएडा के सेक्टर 87 में साल 2021 में बने भोले बाबा के आश्रम पर कार्रवाई हो सकती है। इस आश्रम में शनिवार और रविवार को कीर्तन होता था। 

यहां आने वाले लोगों को प्रसाद के रूप में शरबत दिया जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह आश्रम अवैध तरीके से बनाया गया है। ऐसे में निकट भविष्य में इस आश्रम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आश्रम के निर्माण के बाद बाबा सिर्फ एक बार ही यहां आये हैं। यहां एक केयरटेकर रहता है लेकिन वह भी कई-कई दिनों तक नहीं आता।

बात अगर बाबा के मैनपुरी स्थित आश्रम की करें तो वहां भारी संख्या में फोर्स तैनात है। मैनपुरी, बिछवां स्थित उनके आश्रम के पास पुलिस तैनात है और इलाके को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

आपको बता दें, कि हाथरस में बाबा के सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 123 लोगों की जान चली गई। इसी के बाद से बाबा की तलाश की जा रही है। साथ ही मामले में एक्शन भी लिया जा सकता है।