भोपाल: दो माह बाद मप्र में रिक्त होने वाली तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इसके लिये चुनाव आयोग ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। भाजपा से सम्पत्तिया उईके एवं मुशब्बर जावेद अकबर तथा कांग्रेस से विवेक कृष्ण तन्खा का राज्यसभा सदस्य के रुप में कार्यकाल 29 जून 2022 को खत्म होने जा रहा है तथा इनके स्थान पर नये चुनाव होंगे।

आने वाले चुनाव में सदस्य संख्या के हिसाब से भाजपा को दो तथा कांग्रेस को एक सीट पुन: मिलेगी। भाजपा दो सीटों पर नये उम्मीदवार खड़े करने की तैयारी कर रही है जबकि कांग्रेस में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है कि विवेक तन्खा को रिपीट किया जाये कि नहीं। दोनों पार्टियों में राज्यसभा के टिकट के लिये जोड़तोड़ चल रही है। भाजपा से कैलाश विजयवर्गीय राज्यसभा में जा सकते हैं क्योंकि वे लम्बे समय से पार्टी में रहकर ही काम कर रहे हैं।