उज्जैन। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जायकेदार नमकीन खूब स्वाद ले—लेकर खाते हैं। उन्हें खासतौर पर उज्जैन का नमकीन सबसे ज्यादा पसंद है। यही कारण है कि एमपी के दौरे से दिल्ली लौटते वक्त उनकी पत्नी सविता कोविंद राष्ट्रपति का पसंदीदा उज्जैन का 10 किलो नमकीन ले गई हैं। उन्हें यह नमकीन पूर्व सांसद स्वर्गीय हुकुमचंद कछवाय की पत्नी रामकुमारी बाई और पुत्र सुनील कछवाय ने भेंट किया था. इन दोनों ने सर्किट हाउस पर कोविंद दंपत्ति से विशेष रूप से मुलाकात की थी।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द से स्वर्गीय सांसद हुकुमचंद कछवाय का गहरा प्रेम और स्नेह रहा है। स्वर्गीय हुकुमचंद कछवाय ने ही उनका विवाह भी कराया था। इससे पहले जब रामनाथ कोविंद अध्ययन के लिए दिल्ली गए तो स्वर्गीय कछवाय ने ही अपने सरकारी बंगले में उनके रहने की व्यवस्था भी की। राष्ट्रपति के रूप में जब सालों बाद रामनाथ कोविन्द रविवार को उज्जैन आए तो स्वयं उन्होंने ही स्वर्गीय कछवाय के परिवार से मिलने की इच्छा प्रकट की थी। ऐसे में प्रोटोकाल के अनुरूप स्वर्गीय कछवाय की पत्नी और उनके बेटे से मुलाकात के लिए समय शाम 4.30 बजे का समय तय हुआ था. निर्धारित वक्त पर दोनों परिवार सर्किट हाउस मेें मिले। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे की कुशलता पूछी जानी और पुराने वक्त की यादें भी ताजा कीं। स्वर्गीय कछवाय की पत्नी और बेटा करीब 10 मिनट तक कोविंद दंपत्ति से बातचीत करते रहे. इस दौरान दोनों परिवार बेहद भावुक भी हुए।

अर्से बाद हुई मुलाकात में पूर्व सांसद स्वर्गीय कछवाय की पत्नी रामकुमारी बाई और पुत्र सुनील कछवाय ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनका पसंदीदा मालवा का नमकीन भेंट किया. वे अपने साथ उज्जैन के नमकीन का 10 किलो का पैक लेकर आए थे. इस दौरान उन्होंने सविता कोविंद को भी कुंकुं के 2 डिब्बे दिए. साथ ही मालवा की विख्यात मेहंदी का एक किलो का पैक भी उपहारस्वरूप दिया. सविता कोविंद ये सभी सामग्री अपने साथ ले गईं।