दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार सुबह प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। सुबह-सुबह दिल्ली, गाजियाबाद,नोएडा समेत पूरे एनसीआर पर सफेद चादर छायी रही। बढ़ते प्रदूषण के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्राइमरी स्कूल बंद करने का एलान कर दिया। वहीं दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में प्रदूषण काफ़ी ज़्यादा हो गया है। लोगों को सांस लेने में मुश्किल हो रही है।  ये सिर्फ़ दिल्ली की नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत की समस्या है। केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे। दिल्ली सीएम ने कहा कि पंजाब में पराली जल रही तो इसके लिए हम खुद जिम्मेदार हैं, क्योंकि वहां पर हमारी सरकार है। 

केजरीवाल ने कहा कि हम मानते हैं पंजाब में पराली जल रही है. लेकिन जब तक किसान को समाधान नहीं मिलेगा तो वो क्या करेगा। पंजाब में मान सरकार ने कई कदम उठाये है, कुछ सफलता मिली, कुछ नहीं मिली. उम्मीद है अगले साल तक ठोस समाधान निकलेगा। 

वहीं दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर प्रदूषण कम करने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश देने की मांग की गई है। इस याचिका पर 10 नवंबर को सुनवाई होगी।