इंदौर के बीएम. कालेज आफ फार्मेसी में एक छात्र द्वारा पेट्रोल डालकर जला दी गईं प्रिंसिपल प्रो विमुक्ता शर्मा ज़िंदगी से जंग हार गईं। शनिवार सुबह 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पांच दिन तक जिंदगी के लिए जंग लड़ने के बाद चोइथराम अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रिंसिपल विमुक्त शर्मा करीब 80 प्रतिशत जल चुकी थी। उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई थी ना ही वह ठीक से सांस ले पा रही थी। ऐसे में उन्हें वेंटिलेटर से एक्सट्रीम सपोर्ट सिस्टम पर बुधवार के दिन शिफ्ट कर दिया गया था। डॉक्टर्स ने भी उनकी हालत चिंताजनक होने की बात कही थी।
इधर प्रिंसिपल की मौत से पहले ही आरोपी छात्र आशुतोष श्रीवास्तव पर इंदौर कलेक्टर डा.इलैयाराजा टी ने रासुका लागू कर दी है। आपराधिक प्रकरणों की जानकारी के साथ पुलिस ने रासुका का प्रस्ताव दे दिया था।
पुलिस के मुताबिक विजयश्री नगर कालनी नगर निवासी आशुतोष पुत्र संतोष श्रीवास्तव को शुक्रवार दोपहर जिला कोर्ट (महू) पेश कर शनिवार तक रिमांड पर लिया गया। अफसरों ने आरोपित से पूछताछ की और दोपहर को घटना स्थल पर ले गए।