भोपाल। प्रदेश के निजी बैंकों में सरकारी धनराशि डिपाजिट होगी बशर्ते वे सरकारी ऋण योजनाओं में हितग्राहियों को कर्ज देने में बेहतर प्रदर्शन करें। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही है जिसका उल्लेख राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक के कार्यवाही विवरण में जारी हुआ है।

मुख्यमंत्री ने इस बैठक में कह है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के शेष 3 महीनों में एवं आगामी वित्तीय वर्ष के स्व-रोजगार योजनाओं के लक्ष्य आकलन कर बैंकों को लक्ष्य प्रदान किये जाएं। निजी बैंकों का शासकीय बैंक लिंक्ड योजनाओं में योगदान नगण्य है, इसलिये उन्हें दिए गए लक्ष्यों को प्राप्त करना चाहिए एवं अपनी सहभागिता बढ़ानी चाहिए।

यदि निजी क्षेत्र के बैंकों द्वारा शासकीय योजनाओं में अच्छा प्रदर्शन किया जाता है तो उन्हें शासकीय डिपॉजिट्स में अवसर दिया जा सकता है। बैंकों द्वारा बगैर किसी ठोस कारण के आवेदन निरस्त न किये जाएं। साथ ही निरस्त आवेदनों को चेक भी किया जाना चाहिए।