कांग्रेस नेत्री प्रियंका गाँधी अपने परिवार के साथ एमपी पहुंच गई हैं, प्रियंका गांधी कल यानि कि 24 ननंबर को खंडवा से भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह मध्यप्रदेश में प्रवेश कर गई। कन्याकुमारी से प्रारंभ भारत जोड़ो यात्रा ने महाराष्ट्र में अपना सफर पूरा कर बुरहानपुर जिले के बोरदली से मध्यप्रदेश में प्रवेश किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बोरदली में भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह समेत तमाम बड़े नेता बुरहानपुर में मौजूद थे।
बुधवार सुबह 6.00 बजे महाराष्ट्र में जलगांव से भारत जोड़ो यात्रा का काफिला चला और एमपी के बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव पहुंचा था। यहां पर मध्यप्रदेश की कांग्रेस इकाई ने राहुल गांधी के स्वागत की खास तैयारी की थी। बोरदली में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कमलनाथ को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा था।
इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के पीछे कई लक्ष्य हैं। पहला तो यह कि देशवासियों में जो नफरत, हिंसा और डर फैलाया जा रहा है, उसे खत्म करना है। यह डर आगे बढ़कर हिंसा में तब्दील हो जाता है। इसलिए डर मिटाना यात्रा का पहला लक्ष्य है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यात्रा ने मध्य प्रदेश में पहला कदम रख लिया है। अब सभी से बातचीत होगी, लोगों से गले लगेंगे, समस्याएं समझेंगे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्री रोजाना 7-8 घंटे का सफर तय करते हैं। वह अपने मन की बात नहीं करते, बल्कि किसानों की मन की बात सुनते हैं। युवाओं, मजदूरों, महिलाओं के मन में क्या चल रहा है, यह सुनते हैं। फिर शाम को करीब 7.00 बजे केवल 15 मिनट के लिए अपनी बात रखते हैं।