अभिनेत्री एवं निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनस ने केन्या यात्रा के दौरान दुनियाभर के लोगों से खाद्य संकट का सामना कर रहे देश की मदद के लिए यूनिसेफ के प्रयासों का समर्थन करने की अपील की है। यूनिसेफ (संयुक्त राष्ट्र बाल कोष) की सद्भावना दूत प्रियंका ने सोमवार रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि इस अफ्रीकी देश के बच्चे "भूख के कारण मर रहे हैं" और इस विकट स्थिति से निपटने के लिए कोष की जरूरत है।
प्रियंका ने कहा, "बच्चे भूख से मर रहे हैं और लाखों लोग भुखमरी की कगार पर हैं। यह जलवायु संकट का प्रकोप है जो केन्या में हो रहा है, लेकिन उम्मीद अब भी कायम है और इसका समाधान भी है।
अभिनेत्री ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, " आने वाले कुछ दिनों में यूनिसेफ द्वारा लोगों की जान बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को दिखाऊंगी। लेकिन इस अभूतपूर्व संकट से निपटने के लिए धन की सख्त जरूरत है ताकि ये नेक काम जारी रहें।' उन्होंने कहा, "मैं यूनिसेफ के दल के साथ केन्या में हंताकि जमीनी स्तर पर संकट से रूबरू हो पाऊं। मुझे पता है कि यह मुश्किल होने वाला है लेकिन फिर भी मैं आपको इस यात्रा पर साथ रखना चाहती हूं।
'' संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी के अनुसार, “परिवार खाद्य आपूर्ति की बढ़ती कीमतों के साथ गुजर बसर नहीं कर पा रहे हैं, उनके मवेशी मर रहे हैं और आमदनी सीमित होती जा रही है। उनकी पास जाने के लिए कोई जगह नहीं है। लाखों बच्चे 'गंभीर कुपोषण का शिकार हो गए हैं, यह हमारी पीढ़ी का सबसे भयानक खाद्य संकट है।