भोपाल: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ (पूर्व मुख्यमंत्री) ने मप्र कांग्रेस वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एसपीएस तिवारी (सेवा निवृत्त आईएफएस) द्वारा बनाये गये कलैण्डर 2023 का विमोचन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं समस्त प्रकोष्ठ के प्रभारी जेपी धनोपिया, मीडिया अध्यक्ष केके मिश्रा, मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
तिवारी ने बताया कि कलैण्डर में आदिवासी समुदाय की वन एवं वनोपज संबंधी समस्याओं का समाधान करने हेतु 10 बिंदु का उल्लेख किया गया है, जिसमें कांग्रेस सरकार आने पर इन समस्याओं का समाधान किया जायेगा।
आदिवासियों को वनोपज का उचित मूल्य, वनाधिकार कानून से वंचित पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र प्रदान करना, वनाधिकार में प्राप्त भूमि को खेती लायक बनाना, सिंचाई सुविधा एवं खाद-बीज उपलब्ध कराना तथा संयुक्त वन प्रबंधन समितियों को मजबूत कर वनों के संरक्षण एवं संर्वधन में भागीदारी प्रमुख है।