भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का शानदार प्रदर्शन रॉयल लंदन वनडे कप 2022 में लगातार जारी है। एक बार फिर से उन्होंने मिडलसेक्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी का मुजायरा पेश किया और शतकीय पारी खेली। पुजारा इस टूर्नामेंट में ससेक्स टीम की कप्तानी कर रहे हैं और इस मैच में उनकी टीम के ओपनर बल्लेबाज टॉम अलसोप ने भी गजब की बल्लेबाजी की और नाबाद 189 रन की पारी खेली।
पुजारा और टॉम की शतकीय पारी के दम पर उनकी टीम ससेक्स 50 ओवर में 4 विकेट पर 400 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। पुजारा का शतक, टूर्नामेंट में पूरे किए 500 रन: पुजारा ने इस मैच में मिडलसेक्स के खिलाफ अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी का सिलसिला जारी रखा और उन्होंने पहले 75 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और फिर 90 गेंदों पर 146.66 की औसत से 132 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान पुजारा ने 2 छक्के व 20 चौके लगाए।
पुजारा ने अपनी इस पारी के दम पर इस टूर्नामेंट में अब तक 614 रन बना लिए हैं जिसमें 3 शतक भी शामिल हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट के पिछले 8 मैचों की 8 पारियों में 102.33 की औसत से ये रन बनाए हैं जिसमें 3 शतक और 2 अर्धशतक भी शामिल है। यही नहीं वो इस टूर्नामेंट में अब तक 60 चौके और 11 छक्के लगा चुके हैं। मिडलसेक्स के खिलाफ इस मैच में पुजारा ने टॉस गंवा दिया था और उन्हें पहले बल्लेबाजी करने का न्योता मिला था।
इसके बाद टीम के दो विकेट 95 रन पर गिर गए लेकिन तीसरे विकेट के लिए पुजारा और टॉम अलसोप के बीच 240 रन की शानदार साझेदारी हुई और जब पुजारा आउट हुए उस वक्त टीम का स्कोर 3 विकेट पर 335 रन पहुंच चुका था।