दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी भारी बहुमत के साथ आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बनाने वाली है। 16 मार्च को भगवंत मान पंजाब के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। सरकार बनाने के साथ ही आम आदमी पार्टी एक और इतिहास रचने वाली है। पंजाब विधानसभा में पहली बार किसी महिला अध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी की विधायक सरबजीत कौर को पंजाब विधानसभा की पहली महिला स्पीकर नियुक्त किया जा सकता है। स्पीकर बनने की दौड़ में बलजिंदर कौर का नाम भी शामिल है। सरबजीत कौर का नाम अभी तय नहीं हुआ है। आम आदमी पार्टी भी सरबजीत कौर के नाम पर विचार कर रही है।
केवल महिला विधायक ही होंगी विधानसभा की अध्यक्ष :
मिली जानकारी के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए विधायक सरबजीत कौर सबसे आगे चल रही हैं। उनके अलावा भी इस पद के कई प्रबल दावेदार हैं। उधर, पार्टी सिर्फ महिला विधायकों को ही विधानसभा अध्यक्ष बनाने पर राजी हुई है। अगर ऐसा होता है तो यह एक ऐतिहासिक कदम होगा, क्योंकि अब तक कोई भी महिला विधायक पंजाब विधानसभा की अध्यक्ष नहीं बन पाई है। सरबजीत कौर आप की सबसे तेजतर्रार नेताओं में से एक हैं।
भगवंत मान पंजाब के नए मुख्यमंत्री के रूप में लेंगे शपथ :
भगवंत मान 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि कैबिनेट के गठन पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। ख़बरों के अनुसार, पार्टी को आप सरकार में शामिल किए जाने वाले मंत्रियों के नाम चुनने की कोई जल्दी नहीं है। इसलिए फिलहाल भगवंत मान अकेले ही शपथ लेने जा रहे हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में आप को भारी बहुमत मिला है।