कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू कल यानी 1 अप्रैल को पटियाला सेंट्रल जेल से रिहा होंगे। इस बात की जानकारी नवजोत सिंह सिद्धू के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से दी गई है। पोस्ट में लिखा गया है, आप सभी को सूचित किया जाता है कि सरदार नवजोत सिंह सिद्धू को कल पटियाला जेल से रिहा किया जाएगा।

नवजोत सिंह सिद्धू के आधिकारिक ट्विटर हेंडल से किये गए ट्वीट में लिखा है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने रिहाई की सूचना दी है। सिद्धू को रोडरेज केस में 19 मई 2022 को एक साल कैद की सजा सुनाई गई थी। सिद्धू 20 मई 2022 को जेल गए थे।

नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर कैंसर से पीड़ित हैं। उन्हें स्टेज-2 कैंसर है। बीते दिनों नवजोत कौर ने अपने पति सिद्धू के लिए मैसेज में लिखा था कि वह उनके रिलीज होने का इंतजार नहीं कर सकती। उनकी तकलीफ बढ़ रही है। जिसके बाद कई सीनियर कांग्रेसी नेताओं ने उन्हें जल्द रिहा करने की भी मांग उठाई थी।

नवजोत कौर सिद्धू ने पति को याद करते हुए एक इमोशनल ट्वीट भी साझा किया था। उन्होंने लिखा कि मैंने सिद्धू को सबक सिखाने के लिए भगवान से मौत मांगी थी। उन्होंने यह भी लिखा कि भगवान की कृपा का इंतजार है, लेकिन इसमें देरी हो रही है।