PM Modi Security Lapse: पिछले साल यानी 5 जनवरी, 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब का दौरा किया था. तभी उनकी सुरक्षा में गंभीर चूक की ख़बर सामने आई थी. अब इस मामले में कुल सात पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड किया गया हैं. इसमें फिरोजपुर के तत्कालीन एसपी गुरविंदर सिंह सांगा और 2 डीएसपी सहित कुल सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है.

कब हुई थी घटना?

ये घटना 5 जनवरी, 2022 की है. जब पीएम मोदी एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजाब गए थे. वो बठिंडा से सड़क मार्ग से फिरोजपुर के हुसैनीवाला जा रहे थे. तभी, रास्ते में किसानों ने ट्रैक्टर खड़ा कर हाइवे बंद कर दिया था. इसी कारण पीएम का काफिला करीब 20 मिनट तक एक फ्लाईओवर पर रुका रहा. 

कुछ प्रदर्शनकारी काले झंडे लेकर उनकी गाड़ी के काफी पास पहुंच गए थे. जब रास्ता नहीं खुला तो पीएम को वहां से वापस लौटना पड़ा. वे बठिंडा के भिसियाना एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से दिल्ली वापस आ गए. हालांकि, पीएम मोदी ने वापस जाते समय एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों से कहा था कि ‘अपने सीएम को धन्यवाद कहना, मैं जिंदा लौट आया हूं.’ बता दें कि उस पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी थे.

समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के गृह विभाग ने 22 नवंबर को पुलिसकर्मियों के निलंबन का आदेश जारी किया था. इनमें दो डीएसपी स्तर के अधिकारी परसोन सिंह और जगदीश कुमार, इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह और बलविंदर सिंह, सब-इंस्पेक्टर जसवंत सिंह और एएसआई रमेश कुमार शामिल हैं. चार्जशीट में इन सभी पुलिसकर्मियों को पंजाब सिविल सर्विस रूल (सजा और अपील) 1970 की धारा-8 के तहत आरोपी बनाया गया है.

पंजाब सरकार के कई अधिकारी दोषी पाए गए-

पीएम के काफिले में सुरक्षा चूक की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त समिति ने सुरक्षा में चूक के लिए पंजाब सरकार के कई अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया हैं. अब इस चूक के लिए भगवंत मान सरकार ने सात पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है.