खेलों की दुनिया में भारत को बड़ी उपलब्धि मिली है। भारत की सबसे लोकप्रिय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। सिंधु ने सिंगापुर ओपन में चीन की खिलाड़ी को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम करते हुए इतिहास रचा। फाइनल में सिंधु ने चीन की वांग जी यी को 21-9, 11-21, 21-15 से शिकस्त दी है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के बाद सिंगापुर ओपन खिताब जीता है। सिंधु ने सिंगापुर ओपन पहली बार जीता है। उन्होंने इस साल मार्च में स्विस ओपन जीता था।

सिंधु और वांग के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। सिंधु के लिए दुनिया की नंबर-11 रैंकिंग वांग जी यी को हराना आसान नहीं था। तीन गेम तक चले मुकाबले में सिंधु ने जीत से मैच का आगाज किया था। उन्होंने पहले गेम में चीनी प्लेयर को 21-9 से करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद वांग ने जबरदस्त वापसी की और 21-11 से दूसरे गेम जीतकर मैच बराबर कर दिया। हालांकि अंतिम गेम में सिंधु ने धमाल मचाते हुए चीनी बैडमिंटन प्लेयर को हराकर खिताब जीत लिया। सिंधु ने फाइनल में चीन की वांग जी यी को 21-9, 11-21, 21-15 से शिकस्त दी। 

दुनिया की नंबर-7 बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने इससे पहले सेमीफाइनल में जापान की गैर वरीय साइना कावाकामी को सीधे गेमों में हराया था। सिंधु ने सेमीफाइनल मैच 21-15, 21-7 के अंतर से आसानी से जीत लिया था। जापानी स्टार कावाकामी एक भी बार पीवी सिंधु पर भारी पड़ती नजर नहीं आई।