राहुल गांधी आज पंजाब में सिद्धू मूसेवाला के घर पहुंचे हैं। यहां वे मुसेवाला के परिवार से मिले और सिंगर की हत्या पर दुःख प्रकट किया। मुसेवाला की 29 मई की शाम को गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।

सिद्धू मूसेवाला सिंगर होने के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के सदस्य भी थे। उन्होंने इस साल पंजाब में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। मुसेवाला और राहुल गांधी चुनाव के दौरान एक साथ दिखे थे। लेकिन मुसेवाला यह चुनाव नहीं जीत पाए थे।

29 मई को हुई थी, सिद्धू मूसेवाला की हत्या- 

पंजाब के मानसा जिले में पिछले सप्ताह रविवार (29 मई) को अज्ञात हमलावरों ने जाने-माने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना राज्य सरकार द्वारा मुसेवाला की सुरक्षा में कटौती के एक दिन बाद हुई है। हमले में मुसेवाला का चचेरा भाई और एक दोस्त भी घायल हो गया था, जो मुसेवाला के साथ जीप में सवार था।

जानकारी के अनुसार, गायक मुसेवाला उन 424 लोगों में शामिल थे जिनकी सुरक्षा पंजाब पुलिस ने अस्थायी रूप से वापस ले ली या कम कर दी। उधर, हत्यारों की तलाश कर रही पंजाब पुलिस ने कहा कि मुसेवाला की हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है। गैंग के सदस्य और कनाडा में रहने वाले गोल्डी बरार ने हत्याओं की जिम्मेदारी ली है।

8 शूटरों की पहचान हुई, एक पकड़ा गया-

आपको बता दें कि मूसेवाला हत्याकांड में अब तक 8 शार्प शूटरों की पहचान हों चुकीं हैं। इनमें से एक को पकड़ लिया गया है। जिसमें 2 निशानेबाज पुणे, महाराष्ट्र, 3 निशानेबाज पंजाब और 2 निशानेबाज हरियाणा से शामिल हैं। इनमें से एक राजस्थान का है। ये सभी लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं और फिलहाल कुछ मामलों में फरार हैं। पुलिस लगातार कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाकर आरोपियों तक पहुचने का प्रयास कर रही है।