Modi Surname Case: मोदी सरनेम केस में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिलने के बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल हो गई. इसे लेकर लोकसभा सचिवालय की तरफ से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है.

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद से ही कांग्रेस राहुल गांधी की संसद सदस्यता तुरंत बहाल करने को लेकर आक्रामक थी. उनकी बहाली को लेकर कोई अधिसूचना जारी नहीं किये जाने से कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रही थी. 

लेकिन, अब तीन दिन बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल कर दी गई है. अब सवाल ये उठता है कि सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद भी तीन दिन का समय संसद सदस्यता बहाली में क्यों लगा या फिर इसमें देरी क्यों हुई?

सदस्यता बहाल होने में क्यों लगी देर-

इस पर केंद्र सरकार की तरफ से संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने जवाब दिया. उन्होंने बताया कि स्पीकर ने आज फैसला लिया है. हमने कानूनी प्रक्रिया का पालन किया. सुप्रीम कोर्ट का आदेश मिलने के तुरंत बाद हमने इसे बहाल कर दिया.

कांग्रेस ख़ेमे में खुशी का माहौल-

फ़िलहाल, इससे इतर सदस्यता बहाली के बाद राहुल गांधी अब संसद की कार्यवाही में हिस्सा ले सकेंगे, क्योंकि वे फिर से सांसद बन गए हैं. जिससे कांग्रेस ख़ेमे में खुशी का माहौल हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी और कई पार्टी नेताओं ने एक दूसरे को मिठाईयां भी खिलाईं.

कांग्रेस की तरफ से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि हमें खुशी है कि स्पीकर ने आज फैसला लिया. अब राहुल गांधी लोकसभा की कार्यवाही में हिस्सा ले सकते हैं.