कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुद को पप्पू कहने वालों को टका सा जवाब दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि मुझे ऐसी बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। यह प्रोपेगेंडा कैंपेन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह उन लोगों के दिलों में क्या है, उसे दिखाता है। उन के दिल में डर है।
'द बॉम्बे जर्नी' को दिए इंटरव्यू में राहुल गांधी ने इस दौरान अपनी दादी और पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को भी 'आयरन लेडी' कहे जाने से पहले गूंगी गुड़िया कहा जाता था। आज जो मुझे दिन रात कोसते हैं, वही लोग उन्हें गूंगी गुड़िया कहते थे और अचानक वह आयरन लेडी बन गई थीं। वह हमेशा आयरन लेडी ही थीं। लोग अपनी धारणाएं बदलते रहते हैं इसलिए कौन क्या कह रहा है यह सब बहुत ज्यादा महत्व का नहीं है।
अपने जीवनसाथी को लेकर पूछी गए सवाल पर राहुल ने कहा कि वे ऐसी महिला को अपनी पत्नी देखना चाहते हैं जिसमें उनकी मां और दादी दोनों के गुण हों। बातचीत में राहुल गांधी ने यह भी बताया कि मुझे गाड़ियां चलाना तो पसंद है लेकिन गाड़ियों का मालिक बनने में मेरी कोई रुचि नहीं है।
राहुल ने यह भी बताया कि उनके पास खुद की कार नहीं है। राहुल बताते हैं कि मेरी मां के पास में होंडा सीआरवी है जिसको मैं कई बार चलाता हूं। राहुल गांधी ये भी बताते हैं कि मुझे बुलेट चलाना पसंद नहीं है बल्कि मुझे लैंब्रेटा चलाने में मजा आता है।