राजस्थान में अगले साल के अंत में चुनाव हैं लेकिन उदयपुर चिंतन शिविर खत्म होने के अगले ही दिन राहुल गांधी राजस्थान के आदिवासी बहुल इलाके डूंगरपुर-बांसवाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने आदिवासियों की आस्था के केंद्र बेणेश्वर धाम में दर्शन किये और फिर एक पुल का शिलान्यास कर सभा को संबोधित किया।

 

उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार देश में दो भारत बनाना चाहती है। एक उद्योगपति के लिए और दूसरा गरीब, दलित, पिछड़ा वर्ग के लिए, लेकिन हमें दो नहीं, एक भारत चाहिए।

जिसमे भारत के प्रत्येक व्यक्ति को अपने सपने को पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। उदयपुर में कांग्रेस के नए संकल्प शिविर में शामिल होने के बाद राहुल गांधी राजस्थान के डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में पूजा-अर्चना करने पहुचें। इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और आदिवासियों का एक घनिष्ठ संबंध है।

राहुल बोले, हम आपके इतिहास की रक्षा करते हैं। हम किसी के भी इतिहास को दबाना या मिटाना नहीं चाहते हैं। जब यूपीए सरकार सत्ता में थी, तब हमने आदिवासी भूमि, जंगल और पानी की रक्षा के लिए पेसा अधिनियम पेश किया था। भूमि अधिग्रहण विधेयक जैसे कानून बनाकर और आदिवासियों को लाभ पहुंचाकर अपने देश की संपत्ति की रक्षा की थी।

सबकी हिफाजत है कांग्रेस की विचारधारा-

राहुल गांधी ने कहा कि इस समय देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरह से यह कांग्रेस की विचारधारा है, जो सभी की रक्षा करती है। दूसरी ओर, भाजपा की एक विचारधारा है जो आदिवासियों पर अत्याचार करती है। हम एक साथ  सभी काम करते हैं, वे सिर्फ़ पार्टी का काम करते हैं। हम कमजोरों की मदद करते हैं, वे चुनिंदा कारोबारियों की मदद करते हैं। भारत में आज रोजगार नहीं है, महंगाई बढ़ रही है। मुझे खुशी है कि राजस्थान सरकार गरीबों और आदिवासियों के लिए काम कर रही है।

अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों को होगा फायदा-

राहुल बोले, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राज्य में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोल रहे है। आदिवासियों वर्ग को अंग्रेजी से बहुत फायदा होगा। बीजेपी सरकार ने अर्थव्यवस्था पर हमला किया है। पीएम मोदी द्वारा गलत तरीके से जीएसटी लाया गया, इसने हमारी अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। आज देश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है।