Newsclick Controversy: आज दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने न्यूज़क्लिक वेबसाइट के पत्रकारों के घर पर छापेमारी की है.
स्पेशल सेल ने आज (3 अक्टूबर) ठीक सुबह दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में एक साथ अलग-अलग करीब 30 जगहों पर छापेमारी की है. इस दौरान कई जगहों से कुछ ज़रूरी दस्तावेज भी जब्त किये गए.
चीनी कंपनी से फंडिंग का आरोप-
ईडी के इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक साथ 30 जगहों पर छापेमारी की है. इस छापेमारी के दौरान दिल्ली पुलिस टीम ने घटनास्थल से लैपटॉप, मोबाइल जैसे कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं.
पत्रकार अभिषेक शर्मा ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस आज सुबह मेरे घर पहुंची. मेरा लैपटॉप और फोन जब्त कर लिया गया है. इसके अलावा हार्ड डिस्क का डेटा भी लिया गया है.
ख़बरों के मुताबिक पत्रकार उर्मिलेश और सत्यम तिवारी को हिरासत में लिया गया है. इनके वकील स्पेशल सेल के दफ्तर पहुंच गए हैं. वहीं, पत्रकार अभिसार शर्मा को भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम लेकर गई है. न्यूज़क्लिक के संस्थापक और प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ को स्पेशल सेल के दफ्तर लाया गया है.
इस मामले में स्पेशल सेल ने UAPA के तहत सभी पर मामला दर्ज किया है. आरोप है कि इस वेबसाइट को चीनी कंपनियों ने फंडिंग की है. इससे पहले दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने भी मामला दर्ज किया था.
दरअसल, 2021 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने न्यूज़क्लिक को मिली अवैध फंडिंग को लेकर मुकदमा दर्ज किया था. आरोप हैं कि ये संदिग्ध फंडिंग चीनी कंपनियों के जरिये न्यूज़क्लिक को मिली थी.
इसके साथ ही ईडी ने भी पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की हैं. हालांकि, उस वक्त हाई कोर्ट ने न्यूज़क्लिक के प्रमोटर्स को राहत दी थी. लेकिन, अब इस मामले में आरोपियों की मुश्किले बढ़ सकती है.